आर्य कन्या पाठशाला में थाल सज्जा व मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
लखनऊ। भारत विकास परिषद की ओर से 22 अगस्त 2026 को आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, लखनऊ में थाल सज्जा एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. ममता किरण राव ने कहा कि पठन-पाठन के साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास और स्वावलंबन को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न रचनात्मक एवं कौशल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। ऐसी गतिविधियों से छात्राओं को अपनी रुचि और प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।

थाल सज्जा प्रतियोगिता में कक्षा 10-ए की शगुन दुबे ने प्रथम तथा कक्षा 9-ए की अनन्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में कक्षा 10-बी की रुचि निषाद प्रथम और कक्षा 10-ए की वैष्णवी द्वितीय स्थान पर रहीं।

विद्यालय के प्राधिकृत नियंत्रक एवं मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यालयों को केवल किताबी ज्ञान का केंद्र नहीं रहना चाहिए। पाठ्य पुस्तकीय ज्ञान के साथ विद्यार्थियों की रुचि और प्रतिभा के अनुरूप उन्हें विभिन्न हुनरों में दक्ष बनाना भी हम सभी का दायित्व है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना विकसित करती हैं।
