28वीं मंडलीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन, 191 अंकों के साथ गोंडा बना ओवरऑल चैंपियन
बलरामपुर ने 177 अंकों के साथ हासिल किया दूसरा स्थान, मधु वर्मा और कंचन सहित कई खिलाड़ी बने व्यक्तिगत चैंपियन
बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग के निर्देश और जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद की देखरेख में स्पोर्ट्स स्टेडियम बलरामपुर में आयोजित 28वीं मंडलीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में गोंडा ने 191 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि 177 अंकों के साथ बलरामपुर की टीम दूसरे स्थान पर रही।
विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सीनियर बालक वर्ग में श्रावस्ती, सीनियर बालिका वर्ग में गोंडा, जूनियर बालक वर्ग में गोंडा, जूनियर बालिका वर्ग में बलरामपुर, सब-जूनियर बालक वर्ग में गोंडा और सब-जूनियर बालिका वर्ग में श्रावस्ती विजेता रहे।
तीन खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली बलरामपुर की मधु वर्मा, गोंडा की कंचन काजल सिंह और नथुनी प्रसाद तथा श्रावस्ती के बोबी कुमार राणा और किशन लाल को व्यक्तिगत चैंपियन घोषित किया गया।
विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक देकर किया सम्मानित
समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू सिंह’ ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण, द्वितीय स्थान वालों को रजत और तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को कांस्य पदक प्रदान किए गए।
दूसरे दिन आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सब-जूनियर बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में बलरामपुर की अनन्या ने पहला, श्रावस्ती की सानिया ने दूसरा और गोंडा की कोमल यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया।
बालक वर्ग की लंबी कूद में बलरामपुर के अरविंद यादव प्रथम, गोंडा के शिचम सोनकर द्वितीय और बहराइच के अभिषेक कुमार तृतीय रहे। भाला फेंक स्पर्धा में अमन कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि श्रावस्ती के शिवम मौर्य दूसरे और बहराइच के किशन तीसरे स्थान पर रहे।चक्का फेंक में बलरामपुर के कामरान अकमल ने स्वर्ण पदक जीता। गोंडा के आकाश सिंह दूसरे और श्रावस्ती के दयाशंकर तीसरे स्थान पर रहे।
मधु वर्मा और कंचन ने एथलेटिक्स में दिखाया दम
जूनियर बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में बलरामपुर की मधु प्रथम, गोंडा की मानसी द्वितीय और श्रावस्ती की नंदनी तृतीय रहीं। तीन हजार मीटर दौड़ में मधु वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि गोंडा की शालिनी शुक्ला दूसरे और श्रावस्ती की कोमल तीसरे स्थान पर रहीं।
जूनियर बालिका वर्ग की लंबी कूद में बलरामपुर की कंचन ने स्वर्ण पदक जीता। गोंडा की वैष्णवी दूसरे और बहराइच की रेवती सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। 800 मीटर दौड़ में बलरामपुर की मधु प्रथम, श्रावस्ती की पूजा द्वितीय और गोंडा की शालिनी शुक्ला तृतीय रहीं।200 मीटर जूनियर बालिका दौड़ में बलरामपुर की कंचन ने पहला स्थान प्राप्त किया। गोंडा की साहनी दूसरे और बहराइच की नित्या तीसरे स्थान पर रहीं।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रही सरकार : धीरू सिंह
मुख्य अतिथि धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू सिंह’ ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं देश के भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने की नर्सरी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार खेलों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। इसका सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मंडल के विद्यार्थी स्कूल गेम्स की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरी के अवसर भी दिए जा रहे हैं। उनके अनुसार, खेलों के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की स्थिति लगातार मजबूत हुई है।
आयोजकों ने जताया आभार
प्रतियोगिता के आयोजक प्रधानाचार्य केपी यादव ने सफल आयोजन के लिए सभी व्यायाम शिक्षकों, सहयोगियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य आशीष मौर्य, चंदन पांडे, गीता गौतम, अशोक पांडेय, साधना पाण्डेय, मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजेश चंद्र पांडे, बहराइच के क्रीड़ा सचिव विवेक कुमार, श्रावस्ती के क्रीड़ा सचिव आशीष कुमार, बलरामपुर के क्रीड़ा सचिव मोहम्मद सुहेल, मधुसूदन चौबे, महादेव प्रसाद तिवारी, मोहम्मद हसन कुरैशी, अच्छे लाल चौधरी, किरण चौहान, रश्मि सिंह, विजय सिंह, सुनील कुमार, अर्पण पाण्डेय, पंकज पांडे, उमेश तिवारी, नवीन मिश्रा, सईद अहमद, प्रशांत सिंह, मदन लाल, अभय शंकर, राकेश गुप्ता और आशीष वर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यायाम शिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
