लखनऊ में 30 नवंबर को होगी 54वीं मंडलीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, सात उपविषयों पर दिखेंगे विद्यार्थियों के मॉडल
राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में सुबह 9 बजे से शुरू होगा आयोजन, छह जिलों के चयनित विद्यार्थी और शिक्षक करेंगे प्रतिभाग
लखनऊ। राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की ओर से आयोजित होने वाली 54वीं मंडलीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-2026 की तिथि और आयोजन स्थल घोषित कर दिया गया है। लखनऊ मंडल की यह प्रदर्शनी 30 नवंबर 2026 को राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, सिटी स्टेशन के निकट, लखनऊ में आयोजित होगी। प्रदर्शनी का शुभारंभ सुबह 9 बजे से होगा।
संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि एनसीईआरटी, नई दिल्ली के निर्देशन और एससीईआरटी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संरक्षकत्व में राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष 54वीं मंडलीय प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में लखनऊ मंडल के छह जनपदों—हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ—से जिला स्तरीय प्रदर्शनी में चयनित विद्यार्थी और शिक्षक प्रतिभाग करेंगे। इसमें जूनियर संवर्ग (कक्षा 6 से 10), सीनियर संवर्ग (कक्षा 11 और 12) तथा विषय आधारित अध्यापक संवर्ग शामिल होंगे।
मुख्य विषय के अंतर्गत सात उपविषयों पर बनेंगे मॉडल
डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार, इस वर्ष प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ (Science, Technology and Innovation for a Sustainable and Viksit Bharat) निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत सात उपविषय तय किए गए हैं—
-
श्रेष्ठतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) (Artificial Intelligence for Better Life)
-
हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण (Green Energy & Environmental Conservation)
-
गणितीय मॉडलिंग एवं गणनात्मक सोच (Mathematical Modelling and Computational Thinking)
-
स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सफाई (Health, Hygiene and Sanitation)
-
स्वदेशी कृषि पद्धतियां (Indigenous Agricultural Practices)
-
ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान (Science for Rural Transformation)
-
आपदा प्रबंधन (Disaster Management)
स्थिर और क्रियाकारी मॉडल के साथ टीएलएम का होगा प्रदर्शन
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि तीनों संवर्गों में प्रत्येक उपविषय के अंतर्गत स्थिर और क्रियाकारी, दोनों प्रकार के मॉडल जिला स्तरीय प्रदर्शनी से चयनित होकर आएंगे। इनके मूल्यांकन के लिए वरिष्ठ और अनुभवी निर्णायकों की नियुक्ति की जा रही है। इसके साथ ही शिक्षक-शिक्षिकाएं विषय आधारित शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) का भी प्रदर्शन करेंगे।
मंडल स्तर की प्रदर्शनी में चयनित विद्यार्थी और शिक्षक-शिक्षिकाएं आगे आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में लखनऊ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षकों को दिए गए निर्देश
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने लखनऊ मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जनपदों में आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी के परिणाम राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, लखनऊ के आधिकारिक ईमेल पर उपलब्ध कराएं और चयनित प्रतिभागियों को निर्धारित समय पर मंडलीय प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए निर्देशित करें।
इसके साथ ही राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव को प्रदर्शनी के आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
