छत्तीसगढ़ में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती प्रदेश स्तरीय रूप से हर्षोल्लास के साथ संपन्न
इस भव्य समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री माननीय टंकराम वर्मा रहे। काशी से पधारे गुरु महाराज भारत भूषण दास जी ने सम्माननीय अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विशेष अतिथियों में मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गौतम टेटवाल, शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महा पीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत कुमार, राष्ट्रीय महामंत्री नामदेव कदम, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) ध्रुव कुमार मिर्धा, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, सांसद प्रतिनिधि तरुण हथेल, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अरविंद माने सहित अनेक गणमान्य संत, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जयंती समारोह के अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो गोल बाजार, गुरुद्वारा, रेलवे चौक, जय स्तंभ होते हुए प्रज्ञा गिरी पहुंची। शोभायात्रा का गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, नगर पालिका, स्थानीय प्रशासन एवं प्रज्ञा गिरी ट्रस्ट द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया। शोभायात्रा में संत-महात्माओं, समाज के पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
प्रदेश स्तरीय समारोह में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के विचारों, समता, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के संदेशों पर वक्ताओं ने विस्तार से प्रकाश डाला। महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राधा रवि, महिला संरक्षकगण एवं संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
इस सफल आयोजन के लिए सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ की स्थानीय आयोजन समिति, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों, विशेष रूप से राजनांदगांव जिला अध्यक्ष आर. एस. खरे, केदार कोरे, रामदास मालेकर, मकसूदन हठिले सहित हजारों कार्यकर्ताओं एवं समाजबंधुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम पूरे उत्साह, अनुशासन और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
