रेड रोज पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘धरोहर’ की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गणेश वंदना से हुआ शुभारंभ, विधायक अमरेश कुमार ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को सराहा
लखनऊ डेस्क आर. एल. पाण्डेय। मोहनलालगंज के भजनमऊ स्थित रेड रोज पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘धरोहर’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने ‘डूडी डूडी डम डम’, ‘मेड इन इंडिया’, ‘फेस्टिवल्स ऑफ इंडिया’, ‘कव्वाली’ और ‘कल्चर ऑफ इंडिया’ जैसी आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और शानदार मंच प्रदर्शन की उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने खूब सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहनलालगंज विधायक अमरेश कुमार ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक आर.सी. मिश्रा, प्रबंध निदेशक डॉ. प्रशांत कुमार मिश्रा, चेयरपर्सन डॉ. स्मिता मिश्रा और प्रधानाचार्या वर्षा पांडेय ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय प्रबंधन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना, उनमें नैतिक मूल्यों का संवर्धन करना और अपनी संस्कृति एवं विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी है।
वार्षिकोत्सव ‘धरोहर’ ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को एक सशक्त मंच प्रदान किया। साथ ही भारतीय परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का संदेश भी दिया। उत्साह, उमंग और उल्लास से भरे माहौल में कार्यक्रम का समापन हुआ।
