प्रभु श्रीराम और हनुमान के मिलन का मंचन देख प्रफुल्लित हुए दर्शक

मालवीय नगर की प्राचीन रामलीला में सुग्रीव मित्रता, बालि वध और तारा विलाप की लीला का हुआ भावपूर्ण मंचन

 
sdfsas

गोण्डा। मालवीय नगर स्थित जनपद मुख्यालय की प्राचीन नगर रामलीला में सप्तम दिवस प्रभु श्रीराम और हनुमान जी के मिलन से लेकर सुग्रीव मित्रता, बालि वध, तारा शोक तथा किष्किंधा में प्रभु श्रीराम के चातुर्मास निवास तक की लीलाओं का रोचक मंचन किया गया। अयोध्याधाम से आए हनुमत लीला मंडल के कलाकारों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

लीला के दौरान भगवती सीता की खोज में निकले प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण पशु-पक्षियों से विरह भाव में सीता जी के बारे में पूछते हुए किष्किंधा पहुंचे। यहां ब्राह्मण वेश में हनुमान जी से प्रभु श्रीराम का मिलन हुआ। इसके बाद हनुमान जी ने प्रभु की सुग्रीव से मित्रता कराई।

सुग्रीव की सहायता के लिए प्रभु श्रीराम ने बालि का वध किया। इसके बाद सुग्रीव को किष्किंधा का राजा और अंगद को युवराज बनाया गया। प्रभु श्रीराम ने किष्किंधा में चातुर्मास व्यतीत किया। कलाकारों ने इन प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन कर रामभक्ति और मित्रता के आदर्शों को जीवंत कर दिया।

ty8ty

नगर में जगह-जगह हुआ भगवान के जुलूस का स्वागत

रामलीला के दौरान भगवान के जुलूस का नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने जयकारों और भक्ति भाव के साथ लीला का आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

रामलीला समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह और लीला संरक्षक अरुण कुमार शुक्ल ने आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, संजय तिवारी, धीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय, सभासद रामगोपाल साहू, हरीश शुक्ला, गोपेश श्रीवास्तव सहित रामलीला समिति के अन्य पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Tags