10 अक्टूबर से शुरू होगी नगर की ऐतिहासिक रामलीला, 13 को राम मंच ऑडिटोरियम का लोकार्पण
स्वरूप प्रतिष्ठा के साथ होगा रामलीला का शुभारंभ, 12 अक्टूबर को धनोखर सरोवर पर केवट संवाद और गंगा आरती
20 अक्टूबर को रावण वध और 22 अक्टूबर को दशहरा मैदान में भरत मिलाप का आयोजन
बाराबंकी। नगर की ऐतिहासिक रामलीला इस वर्ष 10 अक्टूबर से स्वरूप प्रतिष्ठा के साथ शुरू होगी। रामलीला आयोजन को लेकर श्री रामलीला दशहरा मंदिर में समिति की आम कार्यकारिणी सभा आयोजित की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल और उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि रामलीला के सभी प्रमुख कार्यक्रम निर्धारित तिथियों के अनुसार आयोजित किए जाएंगे।
समिति के अनुसार, 10 अक्टूबर को श्री रामलीला दशहरा मंदिर में स्वरूप प्रतिष्ठा के साथ रामलीला का विधिवत शुभारंभ होगा। इसके बाद 11 अक्टूबर से नागेश्वर नाथ से लीला कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। रामलीला के दौरान राम वन गमन, केवट संवाद, भारद्वाज आश्रम में भरत मनावन, जयंत उद्धार, सूर्पनखा के नाक-कान भंजन, सीता हरण एवं जटायु वध, शबरी उद्धार, अक्षय कुमार वध तथा कुंभकरण और रावण वध जैसी प्रमुख लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
धनोखर सरोवर पर होगा केवट संवाद और गंगा आरती
12 अक्टूबर को धनोखर सरोवर पर केवट संवाद, नाम नवैया और गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। समिति के सदस्य अंकित गुप्ता गोलू ने बताया कि प्रशांत सिंह, अंश मिश्रा, सुशील जायसवाल और रंजीत वर्मा के सौजन्य से इस कार्यक्रम को भव्य रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं।
20 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर रावण वध का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 22 अक्टूबर को दशहरा मैदान में भरत मिलाप होगा। इस अवसर पर शाम 3 बजे से 7 बजे तक जादू और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। ये कार्यक्रम पायलिया डांस ग्रुप द्वारा प्रस्तुत किए जाने हैं।
घंटाघर पर होगा श्रीराम का राजतिलक
23 अक्टूबर, शुक्रवार को शाम 7 बजे घंटाघर पर श्रीराम जी के तिलक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समिति के अनुसार कार्यक्रम में टी-सीरीज गायक राम औतार शर्मा और वैशाली ग्रुप दिल्ली की जुगलबंदी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
समिति की बैठक में रामलीला को और भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष अपरिहार्य कारणों से भरत शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी।
18 अक्टूबर को होगा दंगल
रामलीला आयोजन के दौरान 18 अक्टूबर को दंगल का आयोजन किया जाएगा। समिति के अनुसार इसकी व्यवस्था सिद्दीकी पहलवान, राजेश मौर्य, गामा यादव और विक्की पहलवान द्वारा की जाएगी।
समिति की आय-व्यय का ब्यौरा रखा गया
बैठक में समिति के महामंत्री शिवकुमार वर्मा ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जिस पर समिति के सदस्यों ने सहमति जताई। बैठक में समिति के प्रबंधक रामलखन श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष सरदार भूपेंद्र सिंह, रमेश चंद्र कुरील, अंकित गुप्ता गोलू, राजू पटेल, राजेश गुप्ता कृष्ण, राकेश वर्मा, राजेश मौर्य, रमेश निगम, प्रशांत, सुशील गुप्ता, हिमांशु, पुरुषोत्तम टंडन, आकाश गुप्ता, विनय सिंह, रविनन खजांची, पं. प्रमोद पाठक, अमर सिंह, कुणाल, सौरभ और राजीव पाठक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
श्री राम मंच ऑडिटोरियम का 13 अक्टूबर को शुभारंभ
नगर की रामलीला को लेकर तैयारियों के बीच रामलीला मैदान में पिछले वर्ष रखी गई राम मंच की आधारशिला अब पूर्ण भवन के रूप में तैयार हो चुकी है। समिति के सदस्यों के प्रयासों से निर्मित इस मंच का विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शुभारंभ किया जाएगा।
समिति के महामंत्री शिव कुमार वर्मा ने बताया कि 13 अक्टूबर को समिति के प्रबंधक राम लखन श्रीवास्तव एवं महावीर जैन धनावत द्वारा राम मंच ऑडिटोरियम का शुभारंभ किया जाएगा। इस भवन का उपयोग समिति की बैठकों, रूप-सज्जा तथा अन्य कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा। इस नए ऑडिटोरियम के तैयार होने से रामलीला समिति को आयोजन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
