लखनऊ मण्डल स्तरीय कला उत्सव 2025 की तिथि और स्थल की आधिकारिक घोषणा कर दी गई
लखनऊ मण्डल स्तरीय कला उत्सव 2025 की तिथि और स्थल की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य मण्डल के छह जिलों से प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व का अवसर प्रदान करना है।
आयोजन का विवरण
मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष का विषय “विकसित भारत – वर्ष 2047 के भारत की परिकल्पना” रखा गया है। कला उत्सव का आयोजन 20 सितम्बर 2025 (शनिवार) को प्रातः 9 बजे से पायनियर मांटेसरी इंटर कॉलेज, एल्डिको उद्यान-1, बंगलाबाजार, लखनऊ में होगा।
प्रतिभागी जिले
संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मण्डल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं के परिणाम प्राप्त हो चुके हैं। अब लखनऊ मण्डल के अंतर्गत आने वाले लखनऊ, हरदोई, उन्नाव, सीतापुर, रायबरेली और लखीमपुर खीरी जिलों के विजेता छात्र-छात्राएँ इस कला उत्सव में भाग लेंगे। सभी डीआईओएस को प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उत्सव की नोडल अधिकारी की जानकारी
मण्डलीय कला उत्सव की नोडल अधिकारी आकांक्षा पाठक ने बताया कि इस वर्ष बारह विधाओं के अंतर्गत प्रस्तुतिकरण में कुछ बदलाव किए गए हैं, जिनकी जानकारी सभी जिलों तक पहुँचा दी गई है।
प्रतियोगिता की विधाएँ
डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार इस वर्ष कला उत्सव में कुल 12 विधाओं में प्रतियोगिताएँ होंगी—
-
संगीत गायन एकल (शास्त्रीय)
-
संगीत गायन समूह (अधिकतम 04 विद्यार्थी)
-
संगीत वादन एकल (स्वर वाद्य – शास्त्रीय)
-
संगीत वादन एकल (ताल वाद्य – शास्त्रीय)
-
संगीत वादन समूह (शास्त्रीय – अधिकतम 04 विद्यार्थी)
-
नृत्य एकल (शास्त्रीय)
-
नृत्य समूह (लोक – अधिकतम 04 विद्यार्थी)
-
नाटक समूह (लघु नाटिका – अधिकतम 04 विद्यार्थी)
-
दृश्य कला एकल (द्वि-आयामी – चित्रकला)
-
दृश्य कला एकल (त्रि-आयामी – मूर्तिकला)
-
दृश्य कला समूह (स्थानीय शिल्प – अधिकतम 02 विद्यार्थी)
-
पारंपरिक कहानी वाचन समूह (02 विद्यार्थी – जिसमें एक या अधिक कला स्वरूपों का उपयोग किया जा सकता है)
