फुलवारी लीला में राम–सीता का दिव्य मिलन, भक्त हुए भावविभोर
The divine union of Ram and Sita in the Phulwari Leela leaves devotees overwhelmed.
Wed, 24 Sep 2025
गोण्डा। मालवीय नगर स्थित रामलीला मंचन के तीसरे दिन बस्ती से आए नटराज रामलीला मंडल के कलाकारों ने जनकपुर की प्रसिद्ध फुलवारी लीला का मनोहारी प्रदर्शन किया। कलाकारों की सजीव और प्रभावशाली प्रस्तुति ने वर्षों बाद दर्शकों का रुझान एक बार फिर रामलीला की ओर आकर्षित कर दिया।
कथा के अनुसार, मिथिला में सीता स्वयंवर की तैयारियाँ चल रही थीं। इसी बीच मुनि विश्वामित्र के आदेश पर भगवान श्रीराम और लक्ष्मण पुष्प तोड़ने जनक की फुलवारी पहुँचे। वहीं गौरी पूजन के लिए आईं सखियों के साथ सीता जी का आगमन हुआ और इसी पावन स्थल पर राम–सीता का प्रथम मिलन हुआ। दोनों को देखकर पूरा वातावरण भक्तिभाव से सराबोर हो उठा। मंच पर यह दृश्य देखते ही दर्शक भी आनंद और भक्ति रस में डूब गए।

कार्यक्रम के दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की आरती का आयोजन किया गया, जिसे महेश तिवारी (पूर्व विधानसभा प्रत्याशी) ने संपन्न कराया। आरती में धीरेंद्र प्रताप पांडेय, राजेश तिवारी, ओमकार गुप्ता मिंटू, अमर किशोर कश्यप (पूर्व भाजपा अध्यक्ष), सोमपाल श्रीवास्तव, गोपेश श्रीवास्तव, राजू कश्यप और गुरुजी राजू श्रीवास्तव सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
