छोटे भाई की मौत का सदमा नहीं सह पाए बड़े भाई, खबर सुनते ही तोड़ा दम
खेत में काम करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, किरठल निवासी 72 वर्षीय ओमपाल सिंह टिकरिया अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक जहरीले सांप ने काट लिया। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। छोटे भाई की अचानक हुई इस मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
सदमा नहीं बर्दाश्त कर पाए बड़े भाई
ओमपाल सिंह की मौत की खबर जब मेरठ में रह रहे उनके 85 वर्षीय बड़े भाई राजपाल सिंह को मिली, तो वे पूरी तरह टूट गए। अपने छोटे भाई के बिछड़ने का गम उनके लिए इतना गहरा था कि वे इसे सहन नहीं कर पाए। खबर सुनते ही उन्हें दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा और मौके पर ही उनकी भी सांसे थम गईं।
एक साथ उठी दो अर्थियां, गांव में पसरा सन्नाटा
एक ही दिन में दो बुजुर्ग भाइयों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिसने भी सुना कि छोटे भाई की मौत के सदमे में बड़े भाई ने भी प्राण त्याग दिए, उसकी आँखें नम हो गईं। दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया, जिसे देख हर कोई भावुक हो उठा।
