Powered by myUpchar
होली त्यौहार बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। होली की पूर्व संध्या पर होली महोत्सव समिति द्वारा राधा कृष्ण की झांकी निकाली गई

होलिका की राख का तिलक कर फेरी लगाया। इसके बाद शहर से लेकर गांव तक होली का धमाल दिखा। नगर के सिटी पैलेस पर महाराजा जयेंद्र प्रताप सिंह ने नगर वासियों के साथ होली खेली। सिटी पैलेस पर स्थानीय कलाकारों ने होली लोकगीत का गायन हुआ। जिले के विभिन्न स्थानों पर रंगों से सराबोर होकर लोगों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया।
नगर के वीर विनय चौराहे, मेजर चौराहे, बड़े पुल चौराहा पर युवाओं की टोली ने खूल रंग जमाया। उतरौला, गैसड़ी में भी होरियारों ने धूम मचाया। पचपेड़वा में थारूओं ने परंपरागत तरीके से होली का पर्व मनाया। दोपहर तक होली की हुडदंग के बाद शाम से लोग आपसी गले-शिकवे भूलकर लोग होली के रंग रंगे रहे। लजीज व्यंजनों व रंग-बिरंगे माहौल में होली का जादू लोगों के सिर चढक़र बोला। ढोल नगाड़ों की धुन पर बज रहे फाल्ग गीतों पर लोग खूब थिरके। शाम को होली मिलने का सिलसिला शुरु हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। दोस्त व रिश्तेदारों के घर जाकर लोगों ने लजीज व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया। बलरामपुर राज परिवार के नील बाग पैलेस में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। नगर के तमाम संभ्रांत नागरिकों ने समारोह में शामिल होकर महाराजा जयेंद्र प्रताप सिंह को अबीर गुलाल का तिलक लगाकर होली की बधाई दी।
तुलसीपुर व उतरौला में जुलूस की रही धूम
तुलसीपुर नगर में शुक्रवार को शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी व विधायक कैलाश नाथ शुक्ला के नेतृत्व में होली जुलूस निकाला।होली के दिन होली मिलन यात्रा की धूम रही, जगह-जगह लोगों ने महंत को माला पहनाकर अबीर गुलाल उड़ा कर स्वागत किया। उतरौला के दुखहरण नाथ मंदिर से होली जुलूस निकाला गया। विधायक राम प्रताप वर्मा ने लोगों को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। जुलूस में चैयरमैन प्रतिनिधि अनूप गुप्ता, सुधीर श्रीवास्तव, रमेश जायसवाल व देवानंद गुप्ता आदि रहे। इसी तरह पचपेड़वा, मथुरा बाजार, सादुल्लाहनगर, गैसड़ी, गौरा चौराहा व पेहर बाजार सहित जिलेभर अगल अगल स्थानों पर होली का जुलूस निकाला गया।
होली के मस्ती में जमकर झूमे पुलिस कर्मी
शनिवार को पुलिसकर्मियों ने होली खेली। पुलिस के अधिकारी व जवान अबीर व गुलाल से सराबोर दिखे। जवानों ने एसपी आवास, सीओ आवास, नगर कोतवाली, पुलिस क्लब व रिजर्व पुलिस लाइन आदि स्थानों पर जमकर मस्ती की। पुलिस के जवान होली की मस्ती में इस कदर मस्त थे कि उन्हें जो जहां मिला उसे अबीर-गुलाल व रंगों से सराबोर करते गये। सुबह से लेकर दोपहर तक पुलिस वालों की होली में पूरा शहर डूबा रहा।एसपी विकास कुमार ने बताया कि होली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्द पूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कहीं भी त्योहार पर विवाद या कोई घटना नहीं हुई है।