टूटते रिश्तों को जोड़ने का संदेश देगी फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसिज चौधरी’, 25 दिसंबर को होगी रिलीज

एचआईवी जैसे गंभीर विषय पर जागरूकता के साथ पारिवारिक रिश्तों की अहमियत भी बताएगी फिल्म, पति-पत्नी के बीच विश्वास और प्रेम को मजबूत करने का देगी संदेश

 
hujg
मुंबई (विभूति फीचर्स)। हरियाणवी सिनेमा के दर्शकों के लिए एक नई फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। यशबाबू एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसिज चौधरी’ आगामी 25 दिसंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के निर्माता, निर्देशक और लेखक राजिन्द्र कुमार वर्मा यशबाबू हैं। यह उनके बैनर की नौवीं फिल्म है।

फिल्म में प्रख्यात अभिनेता पंकज बेरी के साथ अंजना नाथन, राजिन्द्र वर्मा, प्रवीन कौर बानी, रोहान वधवा, अदीरा सचदेवा, सागर चुघ, अनिल वर्मा, इन्द्रप्रीत साहनी, आशी जसूजा, संदीप सिंघल, प्रतीक जैन, समिता ठाकुर और शालिनी शर्मा ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म के गीत गुलशन मदान ने लिखे हैं, जबकि संगीत नवाज राजा ने तैयार किया है।

फिल्म के निर्माता राजिन्द्र वर्मा ने बताया कि यशबाबू एंटरटेनमेंट के बैनर तले अब तक हिंदी और पंजाबी फिल्मों का निर्माण किया गया है। ‘मिस्टर एंड मिसिज चौधरी’ उनके बैनर की पहली हरियाणवी फिल्म है। उन्होंने बताया कि फिल्म एचआईवी जैसे गंभीर विषय पर जागरूकता फैलाने के साथ सामाजिक और पारिवारिक सरोकारों को भी सामने लाएगी।

राजिन्द्र वर्मा इससे पहले नारी सशक्तिकरण और सामाजिक संदेशों पर आधारित ‘ए डॉटर्स टेल पंख’, ‘कर्मक्षेत्र’, ‘फोर्टी प्लस’, ‘टब्बर पंजाब दा’, ‘टू वे’, ‘48 कोस’ और ‘48 कोस 2’ जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं। उनके मुताबिक, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देने वाली फिल्म ‘ए डॉटर्स टेल पंख’ और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को प्रचारित करने वाली फिल्म ‘48 कोस’ की सराहना की थी। वहीं, इसी वर्ष जुलाई में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री आवास पर फिल्म ‘48 कोस 2’ देखी और उसकी प्रशंसा की थी।

इसी कड़ी में अब ‘मिस्टर एंड मिसिज चौधरी’ दर्शकों के सामने होगी। फिल्म में दो गाने हैं और इसकी कहानी पति-पत्नी के रिश्तों में बढ़ती दूरियों, आपसी विश्वास की कमी तथा पारिवारिक कलह के बच्चों पर पड़ने वाले भावनात्मक प्रभाव को केंद्र में रखती है।

फिल्म प्रेम, क्षमा और पारिवारिक जिम्मेदारियों की अहमियत को रेखांकित करते हुए यह संदेश देने का प्रयास करती है कि संवाद और आपसी समझ से बिखरते रिश्तों को फिर से जोड़ा जा सकता है। मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाली यह फिल्म दर्शकों को अपने रिश्तों और जिम्मेदारियों पर विचार करने का अवसर देगी।

Tags