राजकीय हाईस्कूल मस्तेमऊ में वार्षिकोत्सव के साथ हुआ प्रथम वार्षिक पत्रिका ‘नव किसलय’ का विमोचन एवं बहुउद्देश्यीय सभागार का उद्घाटन
विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम वर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत पौधे, स्मृति चिन्ह एवं स्वागत उद्बोधन के माध्यम से किया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश कुमार द्वारा प्रधानाचार्या कुसुम वर्मा के संपादन में प्रकाशित विद्यालय की प्रथम वार्षिक पत्रिका “नव किसलय” का विमोचन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहना के साथ स्वीकार किया।
कार्यक्रम में राजकीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पुष्पेन्द्र यादव एवं अखंड प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, वसंत उत्सव, “माध्यमिक शिक्षा का नया सवेरा” थीम सांग एवं देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने के लिए निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश कुमार ने अपने जीवन के संघर्षों का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति डटे रहने और सदैव कुछ नया व उत्कृष्ट करने का संकल्प लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यालय परिवार की एकजुटता का प्रतीक होता है और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को मंच प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। शैक्षिक सत्र 2024-25 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा कु. खुशी यादव को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समस्त आयोजन में विद्यालय के शिक्षक अशोक कुमार यादव, सपना सिंह, अर्चना एवं माया का सक्रिय सहयोग सराहनीय रहा।
