बाराबंकी में प्रथम जिला स्तरीय महिला क्रिकेट लीग का आगाज, लक्ष्मीबाई वॉरियर्स ने सरोजिनी-11 को 2 रन से हराया

अदिति सिंह की नाबाद 71 रन की पारी ने दिलाई जीत, महिला खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के साथ टूर्नामेंट का शुभारंभ

 
xfsd

राबंकी। बाराबंकी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को प्रथम जिला स्तरीय महिला क्रिकेट लीग-2026 का शुभारंभ हुआ। लीग के उद्घाटन मुकाबले में लक्ष्मीबाई वॉरियर्स ने रोमांचक संघर्ष में सरोजिनी-11 को दो रन से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। मुकाबले में दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी सरताज चौधरी ने किया, जबकि अखिलेश नारायण सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बाराबंकी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव एवं कोषाध्यक्ष राजेश अरोड़ा बब्बू ने शॉल और बुके भेंट कर दोनों अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

अदिति सिंह की नाबाद 71 रन की पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लक्ष्मीबाई वॉरियर्स की टीम ने निर्धारित 25 ओवर में दो विकेट खोकर 168 रन बनाए। टीम की ओर से अदिति सिंह ने नाबाद 71 रन की शानदार पारी खेली। वागीशा सिंह ने नाबाद 45 रन और गुनगुन यादव ने 21 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

सरोजिनी-11 की ओर से गेंदबाजी करते हुए जोया पांडे ने दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य से दो रन दूर रह गई सरोजिनी-11

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरोजिनी-11 की टीम ने भी मुकाबले में कड़ी टक्कर दी। टीम की ओर से क्रिस्टीना सिंह ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, जबकि शोभिता ने 39 और अदीमा मिश्रा ने 25 रन का योगदान दिया।

सरोजिनी-11 की टीम निर्धारित 25 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 166 रन ही बना सकी। इस तरह लक्ष्मीबाई वॉरियर्स ने दो रन से रोमांचक जीत दर्ज की।

लक्ष्मीबाई वॉरियर्स की ओर से गोल्डी, रश्मि सिंह और रोली ने एक-एक विकेट हासिल किया। अंतिम ओवरों तक चले संघर्ष ने मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा।

महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने की पहल

प्रथम जिला स्तरीय महिला क्रिकेट लीग के आयोजन से स्थानीय महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। इस अवसर पर गौरव तिवारी, मुकेश यादव, इरफान खान, एहसास श्रीवास्तव, मोहम्मद आसिफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Tags