विनीत खंड-2 जन कल्याण समिति की पहली कार्यकारिणी बैठक संपन्न, कई अहम फैसले
Vineet Khand-2: First executive meeting of the Public Welfare Committee concluded, several important decisions were taken.
Sun, 26 Apr 2026
लखनऊ, 25 अप्रैल 2026। विनीत खंड-2 जन कल्याण समिति की प्रबंध कार्यकारिणी की प्रथम बैठक शनिवार सायं 05:30 बजे समिति के अध्यक्ष श्री सुभाष मणि तिवारी के निवास, गोमती नगर में संपन्न हुई।
बैठक में 12 में से 10 सदस्यों की उपस्थिति के साथ कोरम पूर्ण रहा। महिला प्रभारी श्रीमती चंदा सिंह एवं मीडिया प्रभारी श्री तेज प्रकाश मिश्रा अनुपस्थित रहे। इस अवसर पर महा-संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी—कर्नल (सेवानिवृत्त) ए.एन. पांडे (महासचिव), श्री सी.जी.के. नायर (सचिव), श्री संजय निगम (सचिव) एवं श्री पी.आर. पांडे (कोषाध्यक्ष)—की उपस्थिति ने बैठक को विशेष दिशा प्रदान की।
बैठक में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पार्कों की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर निगम से समन्वय कर सुधार कराने तथा आवश्यक होने पर महा-संघ के माध्यम से मामला उच्च स्तर पर उठाने का निर्णय लिया गया।
ओमकारेश्वर पार्क में ओपन जिम स्थापित करने के लिए महा-समिति को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके साथ ही पार्कों में अवैध कब्जों को हटाने के लिए उद्यान अधीक्षक को पत्र भेजने और उसकी प्रति महा-संघ को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया।
जनसुरक्षा के मद्देनजर झुके हुए पेड़ों एवं विद्युत तारों पर लटकी टहनियों की तत्काल छंटाई कराने हेतु संबंधित विभागों को अवगत कराया जाएगा। नाली-खड़ंजा निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नगर आयुक्त को पत्र भेजने तथा वास्तविक स्थिति का वीडियो महा-संघ को उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए निजी अस्पतालों से समन्वय स्थापित करने हेतु महा-समिति के माध्यम से पहल की जाएगी। समिति के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण के लिए 10 अप्रैल 2026 को गठित कार्यकारिणी को तीन वर्ष का कार्यकाल प्रदान करने और चुनाव अधिकारी नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए फिलहाल समिति के नाम से बैंक खाता न खोलने तथा कोषाध्यक्ष के निर्दिष्ट खाते के माध्यम से सीमित लेनदेन करने का निर्णय लिया गया। साथ ही कंप्यूटरीकृत लेखा प्रणाली अपनाने और शीघ्र ऑडिटर नियुक्त करने पर सहमति बनी।
समिति ने ₹300 वार्षिक सदस्यता शुल्क निर्धारित किया तथा स्वैच्छिक सहयोग का स्वागत किया। लोगो एवं लेटरहेड को अंतिम रूप देते हुए रसीद पुस्तिका के माध्यम से सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया।
ई-लाइब्रेरी के उच्च शुल्क के संबंध में लखनऊ विकास प्राधिकरण को पत्र भेजा जाएगा। साथ ही महा-समिति के संविधान की प्रति प्राप्त होने और अन्य उपखंड समितियों के उपविधि शीघ्र मिलने की उम्मीद जताई गई।
बैठक में सर्वसम्मति से श्री उपेन्द्र बहादुर सिंह को प्रबंध कार्यकारिणी का 12वां सदस्य नियुक्त करते हुए उन्हें उपाध्यक्ष चुना गया।
समिति ने वर्ष भर गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस, बच्चों के कार्यक्रम, नवरात्रि कन्या पूजन, होली-दीपावली एवं वार्षिक पारिवारिक मिलन जैसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया।
समिति ने क्षेत्र के सभी निवासियों से अपील की है कि वे सदस्य बनकर क्षेत्र के विकास एवं जनहित कार्यों में सक्रिय सहयोग दें।
