सएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के संस्थापक स्व. सतीश कुमार सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
Tribute meeting on the first death anniversary of late Satish Kumar Singh, founder of SMS Group of Institutions
Sun, 19 Apr 2026
लखनऊ। एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के संस्थापक स्वर्गीय सतीश कुमार सिंह की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर संस्थान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन श्रद्धा एवं भावपूर्ण वातावरण में किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के शैक्षणिक, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों, अधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं ने स्व. सिंह को पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया। वक्ताओं ने उन्हें एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी चिंतक, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से युक्त एवं गहन आध्यात्मिक सोच वाले व्यक्तित्व के रूप में याद किया।
वक्ताओं ने बताया कि फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग में ज्वाइंट कमिश्नर पद से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। वर्ष 1995 में उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने के उद्देश्य से स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज वाराणसी की स्थापना की गई, जिसके बाद वर्ष 2008 में लखनऊ परिसर की शुरुआत हुई।
संस्थान में स्थापित ‘सेंटर फॉर स्पिरिचुअलिज्म एंड ह्यूमन एनरिचमेंट’, ‘सर सी.वी. रमन रिसर्च सेंटर’ एवं ‘वैदिक विज्ञान केंद्र’ उनकी दूरदर्शी सोच के उदाहरण हैं, जो आज भी विद्यार्थियों को प्रेरित कर रहे हैं।
पुण्यतिथि के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता के तहत संस्थान परिसर में हर्बल एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान संस्थान के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद सिंह ने कहा कि संस्थान अपने संस्थापक की प्रेरणा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
कार्यक्रम में एक विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। साथ ही, आशियाना स्थित कुष्ठ रोगियों के आश्रम में भोजन पैकेट वितरित कर सेवा कार्य भी किया गया।
इस अवसर पर सुपर ब्रेनः योग और ध्यान का विमोचन भी किया गया, जिसे डॉ. भरत राज सिंह (महानिदेशक, तकनीकी) द्वारा लिखा गया है। पुस्तक में योग एवं ध्यान के माध्यम से मानसिक सशक्तीकरण और जीवन संतुलन के महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम में निदेशक डॉ. आशीष भटनागर, महानिदेशक (तकनीकी) प्रो. (डॉ.) भरत राज सिंह, निदेशक (प्रशासन) डॉ. जगदीश सिंह, एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, अधिष्ठाता डॉ. पी.के. सिंह, रजिस्ट्रार शेष नारायण शुक्ला, मुख्य महाप्रबंधक सुरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव सहित सभी संकायाध्यक्ष, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
