रेल यात्रा में पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठा, मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया ने डीजी रेलवे को सौंपा ज्ञापन

पत्रकारों के सुरक्षित रेल सफर के लिए नौ सूत्रीय मांगें, नोडल अधिकारी और त्वरित पुलिस सहायता की मांग

 
ASDFS

लखनऊ। रेल यात्रा के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा और उन्हें होने वाली समस्याओं को लेकर मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक रेलवे के समक्ष मुद्दा उठाया है। काउंसिल के सचिव ठा. श्रीश सिंह ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल त्रिपाठी के साथ पुलिस मुख्यालय स्थित कार्यालय में पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पत्रकारों की सुरक्षा और रेल यात्रा में आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा करते हुए नौ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में मांग की गई कि पत्रकारों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रदेश स्तर पर किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया जाए। प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि पत्रकारों को जरूरत पड़ने पर सहायता मिल सके। यात्रा के दौरान सुरक्षा की मांग किए जाने पर जीआरपी और आरपीएफ की ओर से तत्काल मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।

महिला पत्रकारों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई की मांग

काउंसिल ने महिला पत्रकारों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने पर जोर दिया। इसके साथ ही रेल यात्रा के दौरान कैमरा, मोबाइल फोन और लैपटॉप जैसे उपकरणों की चोरी होने पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि किसी पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार, धमकी या अन्य अप्रिय घटना होने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि पत्रकार बिना भय के अपने व्यावसायिक दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

जनहित में कार्य करते हैं पत्रकार: ठा. श्रीश सिंह

मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया के सचिव ठा. श्रीश सिंह ने कहा कि पत्रकार जनहित में दिन-रात कार्य करते हैं। समाचार संकलन और जनसमस्याओं की कवरेज के लिए उन्हें लगातार यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में रेल यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करना जरूरी है।

मुलाकात के दौरान काउंसिल की ओर से यह भी बताया गया कि पत्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। प्रशासनिक, सामाजिक और जनहित से जुड़े विषयों की रिपोर्टिंग के लिए वरिष्ठ पत्रकारों और मीडियाकर्मियों को प्रदेश के विभिन्न जनपदों तथा दूसरे राज्यों में नियमित रूप से भारतीय रेल से यात्रा करनी पड़ती है। इसके अलावा व्यक्तिगत आवश्यकताओं के लिए भी रेल यात्रा उनके जीवन का हिस्सा है।

तत्काल कार्रवाई और दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध

मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल त्रिपाठी ने पुलिस महानिदेशक रेलवे से ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई करने और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।

काउंसिल ने उम्मीद जताई कि पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े इन सुझावों पर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे रेल यात्रा के दौरान मीडियाकर्मियों को सुरक्षित वातावरण और समय पर सहायता मिल सके।

Tags