‘द केरल स्टोरी 2’ की दस्तक से पहले दिल्ली में भावनात्मक प्रेस कॉन्फ्रेंस, पीड़ितों ने सुनाई अपनी सच्ची कहानी
नई दिल्ली: The Kerala Story 2 - Goes Beyond की रिलीज से पहले राजधानी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भावनात्मक पलों की साक्षी बनी। फिल्म के मेकर्स ने देश के विभिन्न राज्यों से आए पीड़ितों और उनके परिवारों को एक मंच पर आमंत्रित किया, जहां उन्होंने अपने अनुभव मीडिया के सामने साझा किए।
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में कुल 55 लड़कियों और 33 परिवारों ने अपनी आपबीती साझा की। मंच पर 49 पीड़ित और उनके परिजन मौजूद थे, जबकि अन्य लोग दर्शक दीर्घा में बैठे थे। कार्यक्रम में बंगाल, बिहार, भीलवाड़ा, गंगापुर, राजकोट, उदयपुर, जम्मू, महाराष्ट्र, भोपाल, झारखंड, फरीदाबाद, मेरठ, दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव और इंदौर सहित कई स्थानों से लोग पहुंचे।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म की टीम भी उपस्थित रही। निर्माता विपुल अमृतलाल शाह, निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह और सह-निर्माता आशिन ए. शाह के साथ फिल्म की मुख्य कलाकार उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया भी मौजूद रहीं।
सभा में शामिल कई लोगों ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी निजी कहानियां साझा कीं और समाज से जागरूक रहने की अपील की। आयोजकों ने इसे सर्वाइवर्स और उन परिवारों का साझा मंच बताया, जिनकी बेटियों की कथित तौर पर मृत्यु हो चुकी है।
निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म कन्नड़ और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी। फिल्म की कहानी तीन युवतियों के जीवन पर आधारित बताई जा रही है, जिनकी जिंदगी प्रेम संबंधों के बाद जटिल परिस्थितियों में उलझ जाती है।
Sunshine Pictures के बैनर तले निर्मित यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की रिलीज से पहले आयोजित यह प्रेस कॉन्फ्रेंस चर्चा का विषय बनी हुई है और फिल्म को लेकर बहस व उत्सुकता दोनों बढ़ गई हैं।
