इंस्पायर मानक योजना 2026-27 में नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 10 अक्टूबर तक मिलेगा मौका
संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल कार्यालय के मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि इंस्पायर मानक योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू हुई थी। मंगलवार शाम तक लखनऊ मंडल के छह जिलों से कुल 25,767 नामांकन किए जा चुके हैं।
जिलेवार नामांकन की स्थिति इस प्रकार है—
लखनऊ — 6,050
हरदोई — 5,296
लखीमपुर खीरी — 5,012
सीतापुर — 3,662
उन्नाव — 4,300
रायबरेली — 1,447
इस प्रकार लखनऊ मंडल के छह जिलों से अब तक कुल 25,767 नामांकन पूरे हो चुके हैं।
संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ मंडल अभी पिछले वर्ष की कुल नामांकन संख्या से कुछ पीछे है। उन्होंने बढ़ी हुई समय सीमा का अधिकतम लाभ उठाने के निर्देश दिए हैं। सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को अपने-अपने जनपदों से उत्कृष्ट एवं नवाचारी विचारों वाले विद्यार्थियों के अधिक से अधिक ऑनलाइन नामांकन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है।
नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने से अब विद्यालयों और विद्यार्थियों को नवाचार आधारित उत्कृष्ट विचारों को इंस्पायर मानक योजना के माध्यम से आगे बढ़ाने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
