लोकल डिस्ट्रिक्ट-लोकल ट्रेडर' व्यवस्था लागू हो वाणिज्य बंधु की बैठक में आदर्श व्यापार मंडल ने एडीएम के सामने उठाईं राजधानी के व्यापारियों की समस्याएं

'Local District – Local Trader' System Must Be Implemented; At the 'Vanijya Bandhu' Meeting, the Adarsh ​​Vyapar Mandal Raises Issues Facing the Capital's Traders Before the ADM.
 
ppp
कलेक्ट्रेट सभागार, लखनऊ (30 मई 2026): राजधानी लखनऊ के कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में शनिवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) महेंद्र पाल सिंह की अध्यक्षता में 'वाणिज्य बंधु' की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया और राजधानी के विभिन्न बाजारों की गंभीर समस्याओं को बिंदुवार तरीके से जिला प्रशासन के समक्ष रखा।

वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट" की तर्ज पर बने "लोकल डिस्ट्रिक्ट-लोकल ट्रेडर" नीति

बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने ऑनलाइन ट्रेडिंग और बढ़ते मॉल कल्चर के कारण स्थानीय छोटे और मंझले व्यापारियों के प्रभावित होते व्यवसाय पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री की "वोकल फॉर लोकल" की अवधारणा को धरातल पर उतारने की वकालत करते हुए एडीएम से मांग की कि जिस तरह प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' (ODOP) योजना लागू है, ठीक उसी तर्ज पर 'लोकल डिस्ट्रिक्ट-लोकल ट्रेडर' व्यवस्था शुरू की जानी चाहिए। लखनऊ के सभी सरकारी विभागों और जिला प्रशासन द्वारा की जाने वाली सरकारी खरीद में लखनऊ के ही स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता दी जाए।"

 राजधानी के विभिन्न बाजारों के व्यापारियों ने उठाईं ये प्रमुख समस्याएं

1. हजरतगंज (प्रंस मार्केट): प्रिंस मार्केट आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष मोहम्मद हलीम और महामंत्री रवि मंगलानी ने मार्केट के पास जमा कई टन कूड़े का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि यहाँ 15 फीट से अधिक ऊँचा और 30 फीट से अधिक लंबा कूड़े का पहाड़ बन चुका है, जिसे तुरंत उठवाया जाए।

2. खजाना मार्केट (आशियाना): मार्केट के अध्यक्ष संदीप सिंह गौर और महासचिव आर.के.एस. राठौर ने अपार्टमेंट अधिनियम की धारा 14(2) का उल्लंघन होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि अंसल हाउसिंग ने इस कॉम्प्लेक्स को अभी तक आरडब्ल्यूए (RWA) को हैंडओवर नहीं किया है, जिससे मेंटेनेंस की बड़ी समस्या आ रही है। व्यापारियों ने यहाँ जिला प्रशासन का एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने की गुहार लगाई।

3. सहारा शॉपिंग सेंटर (अयोध्या रोड): सेंटर के प्रभारी संजय कुमार गुप्ता ने भी सहारा समूह के जाने के बाद परिसर में फैली अव्यवस्था की शिकायत की। उन्होंने जिला प्रशासन से यहाँ नोडल अधिकारी नियुक्त करने और व्यवस्था जल्द से जल्द आरडब्ल्यूए को सौंपने में सहयोग मांगा।

4. भूतनाथ मार्केट: चेयरमैन कमल अग्रवाल और स्थानीय व्यापारियों ने बाजार की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने शिकायत की कि कुछ दबंग लोग सड़क का अवैध सौदा कर रहे हैं और वहाँ बड़ी-बड़ी अस्थाई दुकानें लगवा रहे हैं, जिससे अतिक्रमण और जाम की स्थिति बनी हुई है।

5. क्रेन और पार्किंग की समस्या: तेलीबाग आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजन मिश्रा ने तेलीबाग बाजार में पार्किंग की भीषण किल्लत का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही गोमती नगर, अयोध्या रोड और आलमबाग सहित कई प्रमुख बाजारों में क्रेन द्वारा ग्राहकों और आगंतुकों की गाड़ियां बिना समय दिए तुरंत उठा ले जाने की उत्पीड़नकारी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई।

6. रिंग रोड (खुर्रम नगर): रिंग रोड आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा ने खुर्रम नगर स्थित मुख्य नाले की कई वर्षों से सफाई न होने का मुद्दा उठाते हुए मानसून से पहले इसकी व्यापक सफाई कराने का आग्रह किया।

 बैठक में उपस्थित रहे प्रमुख अधिकारी और पदाधिकारी

वाणिज्य बंधु की इस अहम बैठक में जिला प्रशासन की ओर से अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं, व्यापारियों की तरफ से उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, अयोध्या रोड के अध्यक्ष व प्रदेश उपाध्यक्ष इकबाल हसन सहित विभिन्न बाजारों के अध्यक्ष, महामंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। एडीएम महेंद्र पाल सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

Tags