FUPUCTA के दोनों धड़ों का विलय, एकीकृत कार्यकारिणी का गठन

23 सूत्रीय मांग-पत्र प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा और निदेशक उच्च शिक्षा को भेजने की तैयारी, मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
 
XZVX
लखनऊ, 1 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ (FUPUCTA) के दोनों धड़ों के एकीकरण के बाद संगठन की नई एकीकृत कार्यकारिणी का गठन किया गया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि अब महासंघ संशोधित नियमावली के आधार पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया से संचालित होगा और अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों की समस्याओं को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश प्रेस क्लब, हजरतगंज में आयोजित प्रेस वार्ता में महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि करीब ढाई दशक पहले शिक्षक आंदोलन दो धड़ों FUPUCTA और FUPUCTA (रजिस्टर्ड) में विभाजित हो गया था। दोनों संगठनों की ओर से विलय के प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद प्रक्रिया पूरी कर एकीकृत प्रबंध कार्यकारिणी का गठन किया गया है।

महासंघ के अनुसार, एकीकृत कार्यकारिणी को डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, लखनऊ मंडल द्वारा पंजीकृत/अनुमोदित किए जाने की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। एकीकृत कार्यकारिणी के गठन के लिए FUPUCTA (रजिस्टर्ड) ने अपने संविधान में संशोधन किया और उसके पदाधिकारियों ने अपने पदों का त्याग किया।

FGHFG

एकीकृत संगठन से आंदोलन को मजबूती का दावा

महासंघ के संरक्षक डॉ. हरेंद्र कुमार राय ने कहा कि दोनों संगठनों के एकीकरण के बाद संगठन संशोधित नियमावली के आधार पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया से संचालित होगा।

अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि दोनों संगठनों के एक होने से उच्च शिक्षा और शिक्षकों के सामने मौजूद चुनौतियों का मुकाबला अधिक प्रभावी और संगठित तरीके से किया जा सकेगा।

महामंत्री प्रो. प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षकों की समस्याओं को लेकर चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

23 सूत्रीय मांग-पत्र भेजने की तैयारी

पदाधिकारियों ने बताया कि महासंघ की ओर से 23 सूत्रीय मांग-पत्र प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश तथा निदेशक, उच्च शिक्षा, प्रयागराज को भेजा जाएगा। प्रेस वार्ता में मांग-पत्र की प्रमुख विषयवस्तु भी साझा की गई।

महासंघ ने कहा कि मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। प्रेस वार्ता में प्रस्तावित आंदोलन की रूपरेखा भी पत्रकारों के समक्ष रखी गई।

CHFFYD

एकीकृत कार्यकारिणी में ये पदाधिकारी

एकीकृत प्रबंध कार्यकारिणी में डॉ. हरेंद्र कुमार राय संरक्षक, डॉ. वीरेन्द्र सिंह चौहान अध्यक्ष, डॉ. हिमांशु सिंह, डॉ. श्रीप्रकाश यादव, डॉ. प्रदीप शर्मा, डॉ. अजय कुमार मिश्रा और डॉ. अर्चना दीक्षित उपाध्यक्ष बनाए गए हैं।

डॉ. प्रदीप कुमार सिंह महामंत्री, डॉ. टी.एस. चौहान संगठन मंत्री, डॉ. डी.सी. कटियार, डॉ. गंगेश दीक्षित, डॉ. रवि चौरसिया और डॉ. अमित कुमार राय संयुक्त मंत्री तथा डॉ. विनीता दुबे संयुक्त मंत्री (महिला) हैं।

डॉ. अनिल यादव कोषाध्यक्ष, डॉ. मनीष हिन्दवी कार्यालय सचिव एवं मीडिया प्रभारी और डॉ. डी.सी.डी.आर. पाण्डेय सह-मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा डॉ. श्यौराज सिंह, डॉ. भारतेंदु मिश्रा, डॉ. शिवकुमार सिंह, डॉ. आर.एस. यादव और डॉ. राकेश कुमार को जोनल सेक्रेटरी बनाया गया है।

प्रेस वार्ता में ये पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रेस वार्ता को संरक्षक डॉ. हरेंद्र कुमार राय, अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र सिंह चौहान, महामंत्री प्रो. प्रदीप कुमार सिंह और संगठन मंत्री डॉ. टी.एस. चौहान ने संबोधित किया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप शर्मा, डॉ. हिमांशु सिंह, डॉ. श्रीप्रकाश यादव, डॉ. अजय कुमार मिश्रा, डॉ. अर्चना दीक्षित, संयुक्त मंत्री डॉ. गंगेश दीक्षित, डॉ. अमित कुमार राय, डॉ. डी.सी. कटियार, जोनल सेक्रेटरी डॉ. राकेश कुमार तथा कार्यालय सचिव एवं मीडिया प्रभारी मनीष हिन्दवी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान लखनऊ विश्वविद्यालय से जुड़े कई महाविद्यालयों के शिक्षकों ने FUPUCTA पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर एकीकरण की प्रक्रिया पूरी होने पर सम्मानित किया।

द्वारा जारी:
डॉ. प्रदीप शर्मा, उपाध्यक्ष, FUPUCTA
मनीष हिन्दवी, कार्यालय सचिव एवं मीडिया प्रभारी, FUPUCTA

Tags