ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति कार्यालय पर शान से फहरा तिरंगा
लखनऊ, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर गोमती नगर स्थित ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के कार्यालय परिसर में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महासमिति के पदाधिकारियों, समाजसेवियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं महासमिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के दौरान तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके त्याग और बलिदान को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों पर आत्ममंथन करने का दिन भी है।

स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित लखनऊ का संकल्प
समारोह को संबोधित करते हुए महासमिति के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित लखनऊ के निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।महासमिति ने लखनऊ और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए निरंतर सहयोग करने तथा क्षेत्रीय समस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में रितेश श्रीवास्तव (उपाध्यक्ष), सौरभ सिंह (कोषाध्यक्ष), रितेश शर्मा, मोहम्मद यूसुफ, विवेक शर्मा (महामंत्री एवं समाजसेवी), पी.एस. श्रीवास्तव, वी.के. पाण्डेय, दीपक श्रीवास्तव, रेखा शर्मा, अर्थ शर्मा और आश्वत सहित महासमिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने देश की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।मिष्ठान वितरण के साथ देशभक्ति से ओतप्रोत समारोह का समापन हुआ।
