विशेष खंड कल्याण समिति गोमतीनगर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, विकास और जनहित का लिया संकल्प
समिति का चुनाव 28 जून 2026 को संपन्न हुआ था, जिसमें विशेष खंड-1, 2, 3 एवं 4 का प्रतिनिधित्व करने के लिए 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का निर्वाचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं सभी उपस्थित लोगों द्वारा सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ।
चुनाव समिति के अध्यक्ष एस. के. अग्रवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद शैलेंद्र वर्मा (चिनहट-2), पूर्व कैबिनेट मंत्री उपेंद्र तिवारी, पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी, पूर्व विधायक सी. पी. मिश्रा, गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति के कार्यकारी महासचिव कर्नल ए. एन. पाण्डेय तथा सचिव संजय निगम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

समिति के अध्यक्ष कैप्टन हिमांचल सिंह सेंगर ने अपने संबोधन में कहा कि समिति विशेष खंड के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, सुरक्षा, सौहार्द और जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी तथा क्षेत्र के निरंतर विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी। महासचिव राजीव श्रीवास्तव ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि विशेष खंड की सभी प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र और प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने क्षेत्र के समग्र विकास और जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित निवासियों ने नवगठित समिति को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उसके नेतृत्व में विशेष खंड विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
समारोह के समापन पर मनोज खरे ने समिति की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थित निवासियों का आभार व्यक्त किया।
