पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहा अभियान
बलरामपुर। अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाते हुए बलरामपुर पुलिस ने आपरेशन कनविक्शन के तहत बड़ी सफलता हासिल की है।पुलिस ने वर्ष 2024 में शानदार सफलता हासिल की है। इस अभियान के अंतर्गत, पुलिस ने लगातार प्रभावी पैरवी कर 460 मामलों में 817 अपराधियों को सजा दिलाई। इनमें से 55 अभियुक्तों को आजीवन कारावास, 19 अभियुक्तों को 10 वर्ष या उससे अधिक की सजा, 20 अभियुक्तों को 7 वर्ष या उससे अधिक की सजा,
जबकि 723अभियुक्तों को 7 वर्ष से कम की सजा सुनाई गई। इसके अतिरिक्त, सभी अभियुक्तों पर कुल 77,63,850 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे आपरेशन कनविक्शन के तहत की गई। इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों को उनके अपराधों की सजा दिलाना और कानून का पालन सुनिश्चित करना है। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अपराधियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमों की गहन विवेचना की और तत्परता के साथ आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किए। न्यायालय में साक्ष्य और गवाहियों को समय से प्रस्तुत कर प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की गई। इसके परिणामस्वरूप, न्यायालय ने दोषी पाए गए अभियुक्तों को कड़ी सजा सुनाई।
2023 की तुलना में बड़ी उपलब्धि
वर्ष 2023 में बलरामपुर पुलिस ने 352 मामलों में 524 अपराधियों को सजा दिलाई थी। जबकि 2024 में यह संख्या बढ़कर 460 मामलों में 817 अपराधियों तक पहुंच गई, जो पिछले साल की तुलना में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।