‘चुनाव से पहले ही फेल हो गई दो लड़कों की जोड़ी’, सीएम योगी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर साधा निशाना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चल रही खींचतान पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही यह जोड़ी फेल हो गई है।
बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर उम्मीदवारों के नाम भी घोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि गठबंधन में एक-दूसरे के साथ इस तरह का व्यवहार कितना उचित है। योगी ने कहा कि दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल की मौजूदा स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है। उनके मुताबिक, जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है।
सपा-कांग्रेस के बीच तालमेल पर उठाए सवाल
सीटों के बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच जारी खींचतान पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गठबंधन के अपने नियम, परंपराएं और शिष्टाचार होते हैं। लेकिन दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति सामने आ रही है, उससे आपसी तालमेल पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि एक ओर अपमानित होने की स्थिति है और दूसरी ओर उसी व्यवहार को सामान्य बताने की कोशिश की जा रही है। वहीं, एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेदों की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है।
‘सपा को रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए’
अयोध्या में अखिलेश यादव के दौरे और समाजवादी पार्टी की सनातन धर्म को लेकर बदलती राजनीतिक भाषा पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने 1990 के दशक में अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलाए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि उस समय ही सद्बुद्धि आ गई होती तो ऐसी नौबत नहीं आती। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में सपा-कांग्रेस गठबंधन और एनडीए की एकजुटता को लेकर बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
