खाने और खिलाने का सुख
सुधाकर आशावादी – विनायक फीचर्स)
जिसकी जितनी समझ होती है, उसका प्रदर्शन भी वह उसी के अनुरूप करता है। बालक को उसकी अबोध और निश्छल प्रकृति के कारण ही बालक कहा जाता है। माना जाता है कि उसका भोलापन और छल-कपट से दूर रहना ही बचपन की सबसे बड़ी पहचान है। वह नहीं जानता कि किसके सामने क्या कहना चाहिए और क्या नहीं। इसलिए किसी परिवार के घर-आंगन की वास्तविक स्थिति जाननी हो तो किसी बच्चे से पूछ लीजिए। वह बिना किसी लाग-लपेट के बता देगा कि पापा-मम्मी आपस में क्या बातें करते हैं और एक-दूसरे के प्रति उनका व्यवहार कैसा है। बचपन में बच्चे ऐसे किस्से सहजता से सुनाते रहते हैं।
लेकिन जैसे-जैसे वह बड़ा होता है, उसे समझाया जाने लगता है कि घर की बातें बाहर के लोगों को नहीं बतानी चाहिए। कई बार ऐसा करने पर उसे डांट या सजा भी मिलती है। धीरे-धीरे वह कुछ बातें छिपाना सीख जाता है और किसी सवाल के जवाब में कहने लगता है, 'मम्मी से पूछकर बताऊंगा।' बहरहाल, बचपन की अपनी ही निराली दुनिया होती है।
सवाल यह है कि बचपन का संबंध उम्र से है या बुद्धि से? पुस्तकों में शैशवावस्था, बाल्यावस्था और किशोरावस्था को आयु के अलग-अलग पड़ावों से जोड़ा गया है। इन चरणों में बच्चे के व्यवहार और सोच में होने वाले बदलावों की मनोवैज्ञानिक व्याख्या भी की गई है। लेकिन वास्तविक जीवन में हर व्यक्ति पर ये अवधारणाएं एक जैसी लागू होती दिखाई नहीं देतीं। कुछ बच्चे असाधारण रूप से प्रतिभाशाली होते हैं, तो कुछ ऐसे भी होते हैं जिनकी सोच और व्यवहार उनकी उम्र के अनुरूप विकसित नहीं हो पाते।
समाज में प्रचलित मान्यताओं और अवधारणाओं से कुछ लोगों को कोई विशेष सरोकार नहीं होता। उनकी उम्र भले ही बाल्यावस्था से आगे बढ़कर प्रौढ़ावस्था तक पहुंच जाए, लेकिन उनकी बाल-बुद्धि में कोई खास परिवर्तन नहीं आता। ऐसे लोगों की निश्छलता पर सवाल उठाना भी आसान नहीं होता। वे किसी भी उम्र में, किसी भी अवसर पर कुछ भी कह सकते हैं।
यदि ऐसा व्यक्ति किसी सामंती परिवार में पैदा हुआ हो तो स्थिति और भी दिलचस्प हो जाती है। उसके मुख से निकले हर शब्द का सकारात्मक अर्थ निकालने और उसे महिमामंडित करने के लिए अनुचरों की पूरी टोली तैयार रहती है। मसलन, यदि वह कह दे कि उसके परिवार में भोजन की मेज पर लोग एक-दूसरे की गोद में बैठकर एक ही प्लेट में खाना खाते हैं, तो अनुचर तत्काल इसकी व्याख्या करने लगते हैं। वे बता सकते हैं कि कुर्सियों की कमी के कारण ऐसी व्यवस्था करनी पड़ती है और एक ही प्लेट में एक-दूसरे का जूठा खाने से आपसी प्रेम भी बढ़ता है।
इस तर्क को आगे बढ़ाया जाए तो प्लेट सिस्टम वाले समारोहों में भी यह प्रयोग उपयोगी साबित हो सकता है। एक प्लेट के भुगतान में दो लोग भोजन कर सकते हैं। इससे खाने का खर्च भी कम होगा और एक-दूसरे की गोद में बैठकर खाने-खिलाने का सुख भी मिल जाएगा!
लेकिन प्यार बढ़ाने के इस अनूठे नुस्खे को न समझने वाले लोगों का क्या किया जाए, जो एक-दूसरे की गोद में बैठकर भोजन करने के सुख को सहन नहीं कर पाते और आलोचना करने लगते हैं। शायद उन्हें खाने और खिलाने के इस विशेष आनंद की समझ ही नहीं है!
