नजरबंद छात्र नेता शिवम पाण्डेय का आवास बना आंदोलन का केंद्र
गोण्डा। नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों में बढ़ते आक्रोश के बीच गुरुवार को इटियाथोक क्षेत्र में माहौल गरमा गया। छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पाण्डेय को लखनऊ में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले ही पुलिस ने बहलोलपुर चौराहे से वापस उनके आवास भेज दिया। बताया गया कि बुधवार देर रात से ही पुलिस उन्हें निगरानी में रखे हुए थी।
गुरुवार सुबह शिवम पाण्डेय ने अपने समर्थकों के साथ आवास पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते आंदोलन का केंद्र बन गया। सुबह से ही छात्रों और युवाओं की भीड़ उनके आवास पर जुटनी शुरू हो गई। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर “पेपर लीक बंद करो” और “छात्रों के भविष्य से समझौता नहीं चलेगा” जैसे नारे लगाए।
छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पाण्डेय ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार इस मामले में जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा।प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन कदम उठाए गए हैं और प्रशासन की प्राथमिकता शांति बनाए रखना है।
प्रदर्शन में शामिल करूआ पारा निवासी छात्र सचिन तिवारी ने कहा कि उन्होंने गांव में रहकर कड़ी मेहनत से परीक्षा की तैयारी की थी और उनका पेपर भी अच्छा हुआ था, लेकिन पेपर लीक की खबर से वे बेहद निराश हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनका सरकार पर से भरोसा उठ गया है और उनकी मेहनत बेकार होती महसूस हो रही है। इस अवसर पर सौरभ उपाध्याय, रजेश मौर्य, रंजीत पांडेय, सहजाद, कप्तान पाठक, विराट मिश्रा, नीतीश वर्मा, शुभम तिवारी, सोनू चौधरी सहित बड़ी संख्या में छात्र और युवा मौजूद रहे।
