29 नवंबर को होगा दूसरा एस.के. लखनऊ मैराथन 2026, ‘सेफ डिजिटल भारत’ का संदेश लेकर दौड़ेंगे प्रतिभागी

The second S.K. Lucknow Marathon 2026 will take place on November 29; participants will run with the message of a ‘Safe Digital India.’
 
The second S.K. Lucknow Marathon 2026 will take place on November 29; participants will run with the message of a ‘Safe Digital India.’

लखनऊ। नवाबों के शहर में फिटनेस और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 29 नवंबर 2026 को दूसरे एस.के. लखनऊ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष मैराथन की थीम ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत, दौड़ेगा लखनऊ!’ रखी गई है। इसके माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन सतर्कता और साइबर जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।

इस मैराथन का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट एंड रिसर्च (आईआईईएमआर) एवं संस्कृति युवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एस.के. फाइनेंस के सहयोग से किया जा रहा है। मैराथन की शुरुआत लखनऊ के प्रमुख स्थल 1090 चौराहे से होगी। इसमें शहर के युवाओं, खेल प्रेमियों, फिटनेस के प्रति जागरूक लोगों और विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।

आयोजन को लेकर मैराथन के आयोजक मुकेश मिश्रा ने कहा कि एस.के. लखनऊ मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अभियान है। इस वर्ष ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत’ थीम के जरिए दौड़ के माध्यम से युवाओं और आमजन तक डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन सतर्कता तथा साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि लखनऊवासी उत्साह के साथ इस पहल में भागीदारी करेंगे।

वहीं, मैराथन की रेस डायरेक्टर मीनल द्विवेदी त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी मैराथन की सफलता धावकों की संख्या के साथ-साथ उनके उत्साह, अनुशासन और आयोजन की व्यवस्थाओं पर भी निर्भर करती है। आयोजकों का प्रयास है कि प्रत्येक प्रतिभागी को सुरक्षित, व्यवस्थित और उत्साहपूर्ण रनिंग अनुभव मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि शहरवासी पूरे जोश के साथ इस आयोजन में हिस्सा लेकर इसे सफल बनाएंगे।

तीन श्रेणियों में दौड़ने का मिलेगा मौका

मैराथन में प्रतिभागियों के लिए तीन प्रमुख श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें 21 किलोमीटर की लखनऊ हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर टाइम्ड रन और 5 किलोमीटर रन फॉर फन शामिल हैं। इन श्रेणियों के जरिए अनुभवी धावकों के साथ पहली बार दौड़ में हिस्सा लेने वाले लोगों को भी अपनी फिटनेस और क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर

इस वर्ष की थीम के तहत डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य खेल और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से इस सामाजिक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

रजिस्ट्रेशन शुरू, प्रतिभागियों को मिलेगी रेस किट

मैराथन की सभी श्रेणियों के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। प्रत्येक पंजीकृत प्रतिभागी को रेस किट, इवेंट टी-शर्ट, आकर्षक मेडल और डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, निःशुल्क श्रेणी में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए भी रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा।

Tags