कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों से APAAR ID दर्ज कराने का माध्यमिक शिक्षा परिषद ने किया अनुरोध

‘वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी’ से सुरक्षित होगा विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य, डिजीलॉकर पर सुरक्षित रहेंगे प्रमाणपत्र
 
कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों से APAAR ID दर्ज कराने का माध्यमिक शिक्षा परिषद ने किया अनुरोध

लखनऊ, 27 अगस्त 2026। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से APAAR ID (Automated Permanent Academic Account Registry) को बढ़ावा देने की अपील की है। परिषद ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और अभिभावकों से विद्यार्थियों की APAAR ID बनवाकर उसे अग्रिम पंजीकरण एवं परीक्षा आवेदन पत्र में दर्ज कराने का अनुरोध किया है।

अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विवरण को पारदर्शी, त्रुटिरहित और सुरक्षित रखने के लिए ‘वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी’ की व्यवस्था को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

12 अंकों की स्थायी डिजिटल पहचान

APAAR ID विद्यार्थी को प्रदान की जाने वाली 12 अंकों की स्थायी डिजिटल पहचान है। इसके माध्यम से स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा तक विद्यार्थी की शैक्षणिक यात्रा से जुड़े रिकॉर्ड, क्रेडिट और रिपोर्ट कार्ड को डिजिटल रूप से एक स्थान पर सुरक्षित रखने में मदद मिलती है।

APAAR ID के माध्यम से विद्यार्थियों के मार्कशीट, ट्रांसफर सर्टिफिकेट सहित अन्य शैक्षणिक प्रमाणपत्र डिजीलॉकर पर डिजिटल रूप से सुरक्षित रह सकते हैं। इससे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के खोने, क्षतिग्रस्त होने या भविष्य में उन्हें प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों को कम किया जा सकता है।

छात्रवृत्ति और योजनाओं का भी मिलेगा लाभ

परिषद के अनुसार विद्यार्थियों का सही और प्रमाणित शैक्षणिक विवरण उपलब्ध होने से छात्रवृत्ति, कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ सीधे उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। इससे विद्यार्थियों के डिजिटल शैक्षणिक रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के साथ सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने स्पष्ट किया कि पंजीकरण अथवा परीक्षा आवेदन पत्र भरते समय APAAR ID का विवरण देना वर्तमान में अनिवार्य नहीं है। इसके बावजूद विद्यार्थियों के व्यापक हित को देखते हुए उन्होंने सभी विद्यालय प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और अभिभावकों से इसे बनवाने और अग्रिम पंजीकरण एवं परीक्षा फॉर्म में दर्ज कराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि APAAR ID का निर्माण सरल और सुरक्षित प्रक्रिया है तथा यह अभिभावकों की सहमति से किया जाता है। विद्यालय प्रशासन को इस कार्य में अभिभावकों का मार्गदर्शन और पूरा सहयोग करना चाहिए। सचिव ने सभी प्रधानाचार्यों से आग्रह किया कि अग्रिम पंजीकरण की अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक, संभव हो तो शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की APAAR ID प्रविष्ट कराई जाए, ताकि प्रदेश के विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और उनके शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके।

Tags