फिल्म ‘सुल्तान मिर्जा’ का धमाकेदार ट्रेलर लॉन्च, दिसंबर में 1200 सिनेमाघरों में रिलीज की तैयारी
इकबाल बख्श के निर्देशन में बनी फिल्म लखनऊ की पृष्ठभूमि पर आधारित इमोशनल ड्रामा और बदले की कहानी
मुंबई। एक्शन और इमोशन से भरपूर फिल्म ‘सुल्तान मिर्जा’ का ट्रेलर भव्य समारोह में लॉन्च किया गया। निर्देशक इकबाल बख्श की इस फिल्म के निर्माता हिमायत अली हैं। फिल्म को दिसंबर में सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म के निर्माता और कलाकारों का दावा है कि इसकी कहानी दर्शकों को एक्शन के साथ भावनात्मक अनुभव भी देगी।
शान परफॉर्मिंग ग्रुप के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण OQAAB इंटरनेशनल के सहयोग से किया गया है। फिल्म के को-प्रोड्यूसर राजेश रोकड़े, गेंदराज यादव, शंकर गुप्ता (दादा), सुभाष यादव और जावेद मीर खान हैं, जबकि फारुक हुमानी ने इसे प्रस्तुत किया है।
दमदार कलाकारों से सजी है फिल्म
फिल्म में साहिल अख्तर खान, श्वेता दुबे, देव गिल, जरीना वहाब, यशपाल शर्मा, अनंत जोग, हिमायत अली, शुभांगी लटकर, सिकंदर खान, एहसान खान, शमीम खान, दीपक भाटिया, गुलशन पांडे, अमजद कुरैशी, एहतेशाम खान, जावेद हैदर, रुशद राणा, मनीष शर्मा और देव तिवारी सहित कई कलाकार नजर आएंगे।
फिल्म का संगीत आबिद जमाल ने तैयार किया है और गीतों के बोल सहर रियाज ने लिखे हैं। कहानी दीपक भाटिया की है, जबकि पटकथा और संवाद हिमायत अली ने लिखे हैं। फिल्म के सिनेमैटोग्राफर संतोष सिंह, एक्शन डायरेक्टर जावेद आर. शेख और कोरियोग्राफर दिलीप मिस्त्री हैं। अमजद कुरैशी एसोसिएट प्रोड्यूसर हैं।

लखनऊ की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
निर्माता हिमायत अली ने कहा कि फिल्म को तैयार करने में निर्देशक से लेकर सभी कलाकारों और तकनीकी टीम ने कड़ी मेहनत की है। हर कलाकार ने अपना शत-प्रतिशत योगदान दिया है। शूटिंग के दौरान कलाकारों को चोटें भी आईं, लेकिन पूरी टीम ने समर्पण के साथ काम जारी रखा।
उन्होंने बताया कि दीपक भाटिया ने फिल्म का मूल कहानी विचार दिया है। यह लखनऊ की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक ड्रामा है, जिसमें दर्शकों को कई तरह के अनुभव देखने को मिलेंगे।
1200 सिनेमाघरों में रिलीज की तैयारी
अभिनेता और डिस्ट्रीब्यूटर सिकंदर खान ने कहा कि निर्देशक इकबाल बख्श के साथ यह उनकी 13वीं फिल्म है। उन्होंने बताया कि फिल्म को लगभग 1200 सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। उनके मुताबिक, यह एक इमोशनल ड्रामा होने के साथ-साथ बदले की कहानी भी है। फिल्म दिसंबर में रिलीज होगी।
निर्देशक इकबाल बख्श ने कहा कि फिल्म बनाने के दौरान टीम को कई परेशानियों और चुनौतियों का सामना करना पड़ा। यह पूरी तरह सामूहिक प्रयास का नतीजा है। सभी लोगों ने परिवार की तरह मिलकर फिल्म को पूरा किया है।
ट्रेलर लॉन्च में ये मेहमान रहे मौजूद
ट्रेलर लॉन्च समारोह में सिकंदर मिर्जा, कॉमेडियन सुनील पाल, रणवीर खान, सोफियान सैय्यद और ताहिर कमाल खान बतौर अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में फिल्म की टीम और कलाकारों ने ट्रेलर को लेकर अपना उत्साह साझा किया।
