लखनऊ में 300-400 साल पुराने कब्रिस्तान की दीवार और गेट जेसीबी से ढहाए, ग्रामीणों में आक्रोश
रात करीब दो बजे की बताई जा रही घटना, जमीन पर कब्जे की नीयत से तोड़फोड़ का आरोप; मामला अदालत में लंबित
संवाददाता, गोसाईगंज।
लखनऊ। गोसाईगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत सलेमपुर के गंगागंज में राष्ट्रीय राजमार्ग-731 के किनारे स्थित करीब 300 से 400 वर्ष पुराने मुस्लिम कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल और गेट को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में दीवार और पुराने व नए गेट को तोड़ दिया। घटना की जानकारी सुबह मिलते ही इलाके में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, आशियाना ढाबा के सामने स्थित इस कब्रिस्तान की सुरक्षा के लिए गांव के लोगों ने आपसी सहयोग और चंदे से सीमेंटेड बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया था। इसका उद्देश्य कब्रिस्तान की जमीन को सुरक्षित रखने के साथ सड़क से गुजरने वाले लोगों द्वारा वहां गंदगी फैलाने और खुले में शौच करने जैसी गतिविधियों को रोकना था।
ग्रामीणों ने गोसाईगंज कोतवाली में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि हाईवे किनारे स्थित कीमती जमीन पर कब्जा करने की नीयत से कुछ प्रॉपर्टी डीलरों और ब्रोकरों ने जेसीबी मशीन लगवाकर कब्रिस्तान की दीवार और दोनों गेटों को गिरवा दिया। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की यूपी-112 टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ यादव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
अदालत में पहले से विचाराधीन है मामला
इस प्रकरण की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि कब्रिस्तान की जमीन को लेकर सिविल सूट संख्या 2789/2026 सिविल जज (जूनियर डिवीजन), हवाली, लखनऊ की अदालत में पहले से लंबित है। ग्रामीणों का कहना है कि अदालत के आदेश पर 29 अक्टूबर को कमीशन के माध्यम से विवादित स्थल का निरीक्षण भी कराया जा चुका था। इसके बावजूद कब्रिस्तान की बाउंड्री और गेट तोड़े जाने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील मामला बताते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

ग्रामवासियों ने पुलिस को दी गई तहरीर में आशंका जताई है कि घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है और कोई अप्रिय घटना घट सकती है। उन्होंने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में गोसाईगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
