Balrampur News: एमएलके कॉलेज के छात्र उज्ज्वल चौहान की रचना 'देव' को राष्ट्रीय पहचान, 'साहित्यानामा' पत्रिका में प्रकाशन पर मिला सम्मान पत्र
Young Writer Ujjwal Chauhan Achievement Balrampur: बलरामपुर जिले के एक युवा लेखक की साहित्यिक प्रतिभा ने राष्ट्रीय पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। एमएलके पीजी कॉलेज (MLK PG College) के बीएससी तृतीय सेमेस्टर के होनहार छात्र उज्ज्वल चौहान की रचना 'देव' का चयन साहित्य, संस्कृति और संचार की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्रिका 'साहित्यानामा' के जून-2026 अंक में प्रकाशन के लिए किया गया है। उज्ज्वल के इस उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए पत्रिका परिवार द्वारा उन्हें विशेष सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया है।
सादगी और संवेदनशीलता ने जीता पाठकों का दिल
नगर के मोहल्ला टेढ़ी बाजार निवासी मन्नू लाल चौहान के पौत्र और 51वीं यूपी बटालियन एनसीसी बलरामपुर के सीनियर असिस्टेंट दीपक कुमार चौहान व ज्योति चौहान के सुपुत्र उज्ज्वल चौहान की इस सफलता से जिले में हर्ष का माहौल है।

'साहित्यानामा' के प्रधान संपादक दिनेश आर. वर्मा द्वारा जारी सम्मान पत्र में उज्ज्वल की लेखनी की सराहना करते हुए कहा गया कि:उनकी रचना की संवेदनशीलता, सादगी और सच्चाई ने पाठकों के हृदय को छुआ है और साहित्य को एक नई दिशा देने का सराहनीय कार्य किया है।" पत्रिका परिवार ने उनके उज्ज्वल और सफल साहित्यिक भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त की हैं।
महाविद्यालय परिवार और परिजनों ने जताई खुशी
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर एमएलके पीजी कॉलेज परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। महाविद्यालय के प्राध्यापकों, सहपाठियों और परिजनों ने उज्ज्वल को बधाई दी है महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे. पी. पाण्डेय, मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह, प्रो. रेखा विश्वकर्मा, प्रो. अशोक कुमार, डॉ. दिनेश कुमार मौर्य, डॉ. राजीव रंजन और लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेन्द्र कुमार चौहान।

शिक्षकों का कहना है कि एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्रिका में रचना का प्रकाशित होना जिले के अन्य युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है। इस उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे बलरामपुर जिले का नाम रोशन हुआ है।
