Enthusia 2026 में ‘स्पोर्ट्स म्यूजियम’ थीम के जरिए जीवंत हुआ खेलों का संसार
The world of sports comes alive through the ‘Sports Museum’ theme at Enthusia 2026.
लखनऊ डेस्क, आर. एल. पाण्डेय।सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल के गोयल स्टेडियम ग्राउंड में 24 नवंबर 2026 को वार्षिक खेल समारोह ‘Enthusia 2026’का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘स्पोर्ट्स म्यूजियम’ रही, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने खेलों के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध विरासत और महान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों के जरिए जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन महेश अग्रवाल, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रीना पाठक, मुख्य अतिथि हिमांशु शेखर झा (प्रोफेसर, पूर्व कुलपति एवं राज्य आयुक्त दिव्यांगजन), विशेष अतिथि तूलिका आनंद (उप प्रबंधक, सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल्स), नीलम गोयल (उपाध्यक्ष एवं ट्रस्टी, जीआईटीएम) और समर्थ गोयल (सीईओ, गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस) ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा हवा में गुब्बारे छोड़कर किया।
इस अवसर पर जीजीआई के विभिन्न विभागों के प्रधानाचार्य और लखनऊ के प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालयों के प्रधानाचार्य भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। चेयरमैन महेश अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन से बच्चों को आगे बढ़ने और खेल भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
प्रधानाचार्या डॉ. रीना पाठक ने विद्यालय की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान कक्षा 10 और 12 में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
महान खिलाड़ियों के रूप में नजर आए विद्यार्थी
समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यालय के चार समूहों—गेम चेंजर्स, गो गेटर्स, वेव राइडर्स और ट्रेल ब्लेजर्स—की प्रस्तुतियां रहीं। विद्यार्थियों ने प्रकाश पादुकोण, मैरी कॉम, विश्वनाथन आनंद और मेजर ध्यानचंद जैसी खेल हस्तियों के व्यक्तित्व और उपलब्धियों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। खेल उपकरणों और रोचक जानकारियों के माध्यम से उन्होंने दर्शकों को खेल जगत की गौरवशाली यात्रा से परिचित कराया। विशेष क्षमता वाले विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत सुंदर ड्रिल और रेस ने दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी प्रेरणादायक बना दिया।
मार्चपास्ट, ड्रिल और रेस में दिखा उत्साह
खेल समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने मार्चपास्ट, ड्रिल, 100 मीटर दौड़, रिले रेस सहित विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से खेलों के महत्व के साथ अनुशासन, टीम भावना, समर्पण, परिश्रम और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
गेम चेंजर्स ने हासिल किया पहला स्थान
मार्चपास्ट, ड्रिल, रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्राप्त अंकों के कुल योग के आधार पर गेम चेंजर्स समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ट्रेल ब्लेजर्स दूसरे स्थान पर रहा। विजयी खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंत में प्रधानाचार्या डॉ. रीना पाठक ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ Enthusia 2026 का समापन हुआ।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को खेलों के इतिहास से परिचित कराने के साथ उनमें खेल भावना, आत्मविश्वास, अनुशासन और सामूहिक प्रयास के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया।
