TheTeacherApp ने देशभर में छुआ करीब 3 लाख उपयोगकर्ताओं का आंकड़ा

शिक्षक दिवस से पहले भारती एयरटेल फाउंडेशन की बड़ी उपलब्धि, 36 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में डिजिटल शिक्षक-विकास को मिल रहा बढ़ावा
 
ssa

लखनऊ, 3 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस से पहले भारती एंटरप्राइजेज की परोपकारी इकाई भारती एयरटेल फाउंडेशन ने अपने डिजिटल शिक्षक-विकास प्लेटफॉर्म TheTeacherApp की महत्वपूर्ण उपलब्धि की घोषणा की है। नवंबर 2024 में शुरू किया गया यह आजीवन निःशुल्क प्लेटफॉर्म देशभर में करीब 3 लाख उपयोगकर्ताओं तक पहुंच चुका है।

फाउंडेशन के अनुसार, TheTeacherApp का उद्देश्य शिक्षकों को लगातार सीखने, आधुनिक शिक्षण संसाधनों और तकनीकी उपकरणों से जोड़ना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड की सरकारों के साथ साझेदारी की गई है। इन साझेदारियों के माध्यम से शिक्षकों के लिए राज्य स्तरीय सतत व्यावसायिक विकास (CPD) कार्यक्रमों को सहयोग दिया जा रहा है।

4,000 घंटे से अधिक की सामग्री और 45+ एआई टूल्स

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की भावना के अनुरूप विकसित TheTeacherApp पर शिक्षकों के लिए 4,000 से अधिक घंटे की सीखने की सामग्री उपलब्ध है। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर 45 से अधिक एआई-संचालित शिक्षण उपकरण भी शामिल किए गए हैं।

फाउंडेशन के मुताबिक, इन संसाधनों को शिक्षकों की जरूरतों और उनके सुझावों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। प्लेटफॉर्म का उद्देश्य शिक्षकों को कक्षा की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना और विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने में उनकी मदद करना है।वर्तमान में सरकारी और संस्थागत साझेदारियों के नेटवर्क के जरिए TheTeacherApp 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में शिक्षक-विकास को बढ़ावा दे रहा है।

आकांक्षी जिलों से लेकर राज्य स्तरीय कार्यक्रमों तक विस्तार

फाउंडेशन नीति आयोग के सहयोग से आकांक्षी जिलों में शिक्षक-विकास कार्यक्रमों पर भी काम कर रहा है। इनमें आधारभूत साक्षरता, डिजिटल दक्षता और कक्षा प्रबंधन जैसे विषयों को प्राथमिकता दी जा रही है।

जम्मू-कश्मीर में एससीईआरटी के नेतृत्व वाले सतत व्यावसायिक विकास कार्यक्रमों को समर्थन दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में शिक्षक व्यावसायिक विकास का विस्तार, तेलंगाना में एआई आधारित व्यावसायिक सीखने और राजस्थान में आरएससीईआरटी तथा डीआईईटी के साथ एक्शन रिसर्च संबंधी क्षमता निर्माण पर काम किया जा रहा है।

इसके अलावा उत्तराखंड और नागालैंड में भी शिक्षक-विकास से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के आर्मी गुडविल स्कूलों के शिक्षकों को सहयोग देने के लिए भारतीय सेना की उत्तरी कमान के साथ भी साझेदारी की गई है।

शिक्षकों को अपनी सुविधा से सीखने का अवसर

NEP 2020 में प्रत्येक शिक्षक के लिए सालाना 50 घंटे के सतत व्यावसायिक विकास की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। इसी दिशा में TheTeacherApp शिक्षकों को छोटे-छोटे पाठ्यक्रमों, वेबिनार और पॉडकास्ट के माध्यम से अपनी सुविधा के अनुसार सीखने का अवसर प्रदान करता है।

शिक्षक अपनी रुचि और जरूरत के मुताबिक सीखने की सामग्री चुन सकते हैं। इससे व्यावसायिक विकास को कक्षा से अलग किसी अतिरिक्त गतिविधि के बजाय शिक्षकों के नियमित कार्य का हिस्सा बनाने में मदद मिलती है।

कई प्रमुख शिक्षा संस्थानों के साथ साझेदारी

TheTeacherApp के साथ शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई संस्थान भी जुड़ रहे हैं। इनमें प्रथम, खान अकादमी, कथा, लेटस्टेट, एजुकेशनल इनिशिएटिव्स (EI), CK-12 फाउंडेशन, सिंपल एजुकेशन फाउंडेशन, पल्लवन, सर्वम एआई, गुड स्कूल अलायंस और सेंट्रल स्क्वेयर फाउंडेशन शामिल हैं।

फाउंडेशन के अनुसार, यह नेटवर्क शिक्षकों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नींव मजबूत करने के साझा उद्देश्य की दिशा में काम कर रहा है। प्लेटफॉर्म पर आधुनिक तकनीक, खासकर एआई, को शिक्षकों के रोजमर्रा के काम में उपयोगी और आसान तरीके से शामिल करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

‘शिक्षक देश के भविष्य को आकार देते हैं’

भारती एयरटेल फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष और भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष राकेश भारती मित्तल ने कहा कि भारत की विकास यात्रा में शिक्षक और कक्षाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने कहा कि 25 वर्षों से अधिक समय तक शिक्षकों और स्कूलों के साथ काम करने के अनुभव से यह स्पष्ट हुआ है कि प्रभावी शिक्षक-विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण सीखने की सामग्री, व्यावहारिक संसाधन, तकनीक और मजबूत संस्थागत साझेदारियों की जरूरत है। उनके मुताबिक, TheTeacherApp इसी सोच के आधार पर विकसित किया गया है और इसका लक्ष्य शिक्षकों को ज्ञान, संसाधन और आत्मविश्वास उपलब्ध कराना है।

25 वर्षों में लाखों विद्यार्थियों और हजारों स्कूलों तक पहुंच

TheTeacherApp भारती एयरटेल फाउंडेशन के शिक्षा क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक के अनुभव पर आधारित है। फाउंडेशन के अनुसार, वर्ष 2000 से अब तक उसके विभिन्न शिक्षा कार्यक्रमों के जरिए 43 लाख से अधिक विद्यार्थियों, 37,000 से अधिक स्कूलों और 25,000 से अधिक गांवों तक पहुंच बनाई गई है।

फाउंडेशन के सत्य भारती स्कूल कार्यक्रम में 34,500 से अधिक विद्यार्थी और 1,200 से ज्यादा शिक्षक जुड़े हैं। वहीं क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम के तहत 13 राज्यों के 1,200 सरकारी स्कूलों में 4.45 लाख से अधिक विद्यार्थियों और 17,900 से ज्यादा शिक्षकों तक पहुंच बनाई गई है।

क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम स्टेट पार्टनरशिप्स के माध्यम से स्कूल सुधार से जुड़ी कार्यप्रणालियों का विस्तार अब तक 28 लाख से अधिक विद्यार्थियों, 33,000 स्कूलों और 1.54 लाख शिक्षकों तक किया गया है। फाउंडेशन के मुताबिक, TheTeacherApp इसी लंबी शिक्षा यात्रा का डिजिटल विस्तार है, जिसके माध्यम से शिक्षक-विकास के दशकों के अनुभव और संसाधनों को देशभर के शिक्षकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Tags