माल में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, हजारों व्यापारी और नागरिक हुए शामिल
लखनऊ, 17 अगस्त 2026। माल उद्योग व्यापार मंडल, जिला लखनऊ के तत्वावधान में सोमवार को विशाल तिरंगा ध्वज यात्रा का आयोजन किया गया। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया, जबकि इसका अनुशासित संचालन उमाशंकर त्रिपाठी ने किया।
तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में व्यापारी, नागरिक और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर लोग भारत माता के जयघोष करते हुए पैदल तथा सैकड़ों वाहनों पर सवार होकर माल बाजार और कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरे। यात्रा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और सामाजिक भाईचारे का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।
शहीदों को किया नमन
तिरंगा यात्रा माल ब्लॉक मुख्यालय स्थित शहीद प्रतीक स्तंभ पहुंची, जहां स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा प्राचीन श्री नागेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां विशाल भंडारे और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
अमरनाथ मिश्र ने दिया एकता का संदेश
सभा को संबोधित करते हुए लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि देश ने स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूरे कर 80वें स्वतंत्रता दिवस का गौरवपूर्ण अवसर देखा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमें उत्सव के साथ-साथ आत्ममंथन का अवसर भी देते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज में जाति और धर्म के आधार पर मतभेद दिखाई देते हैं, जबकि पूजा-पद्धतियां और परंपराएं अलग होने के बावजूद हमारी सबसे बड़ी पहचान भारतीय होना है। उन्होंने लोगों से अपने नाम के साथ ‘भारतीय’ शब्द जोड़ने की नई परंपरा शुरू करने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रीय एकता और भारतीयता की भावना और मजबूत हो।
अमरनाथ मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल समारोह तक सीमित नहीं होने चाहिए। इन अवसरों पर हमें आपसी मतभेद भुलाकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि राष्ट्रीय पर्वों पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने के साथ आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करें।
तिरंगा राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक
मलिहाबाद व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि तिरंगा यात्रा से पूरे माल क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का वातावरण बना। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। व्यापारियों और नागरिकों की बड़ी भागीदारी राष्ट्रप्रेम के प्रति समाज की जागरूकता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल आगे भी सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
यात्रा में संरक्षक विजय कुमार सिंह चौहान, अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, महामंत्री राजेश रस्तोगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष योगेन्द्र तिवारी, मो. असलम, आशुतोष चौरसिया, रवि चौरसिया, विनय गुप्ता, मो. इस्राइल, रजनीश सिंह, कोषाध्यक्ष उत्तम कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ मंत्री महिपाल यादव, संगठन मंत्री दिलीप शुक्ला, प्रचार मंत्री सुरेश यादव, वीरेंद्र शुक्ला, ओमप्रकाश, राम कुमार राही सहित स्थानीय निकाय और व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
