लक्ष्मण टीला पर 24 अगस्त को जलाभिषेक का आह्वान, हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी
लखनऊ। अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा, उत्तर प्रदेश इकाई की प्रदेश एवं विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक में आगामी 24 अगस्त को लक्ष्मण टीला स्थित टीलेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कार्यक्रम को लेकर तैयारियों पर मंथन किया गया। संगठन ने देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से हजारों कार्यकर्ताओं के साथ सनातन समाज के लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया।
संगठन के केंद्रीय कार्यालय, कुर्सी रोड पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष गौरव गोस्वामी ने जलाभिषेक कार्यक्रम की तैयारियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की सूचना शासन एवं प्रशासन को पत्र के माध्यम से देने तथा पुलिस प्रशासन से आवश्यक अनुमति का अनुरोध करने पर सहमति जताई।
त्रिपाठी परिवार मामले को लेकर भी चर्चा
बैठक में लखनऊ के त्रिपाठी परिवार से जुड़े मामले में महिलाओं को न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई गई। संगठन पदाधिकारियों ने मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि पुलिस प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जाती है तो संगठन पीड़ित परिवार के साथ शासन स्तर पर अपनी बात रखेगा। इस संबंध में आगे की रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
लक्ष्मण टीला के संरक्षण को लेकर संगठन का रुख
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने लक्ष्मण टीला के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्वरूप के संरक्षण की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के दौरान लक्ष्मण टीला के अस्तित्व की उपेक्षा हुई।
उन्होंने कहा कि संगठन लक्ष्मण टीला और वहां स्थित टीलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-पाठ के अधिकार एवं धार्मिक पहचान से जुड़े विषयों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगा।
ऋषि त्रिवेदी ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 24 अगस्त को प्रस्तावित जलाभिषेक कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने और निर्धारित रूपरेखा के अनुसार तैयारियों को आगे बढ़ाने की बात कही।
संगठन की ओर से बताया गया कि जलाभिषेक कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा तैयार होने के बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इसकी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। बैठक में कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
