इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में तीन विद्यार्थियों का चयन, प्रत्येक को मिलेंगे 10 हजार रुपये
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने खुशी व्यक्त की है। विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधक ने विज्ञान शिक्षक हरिश्चंद्र सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में हर वर्ष दो-तीन विद्यार्थियों का इस प्रतिष्ठित योजना में चयन होना विद्यालय के लिए गर्व की बात है।
![']ok0-koi](https://aapkikhabar.com/static/c1e/client/86288/uploaded/4d43401268376c6955379e41615d1f4b.jpg)
इस वर्ष चयनित विद्यार्थियों में समीक्षा वर्मा (कक्षा 11), आर्यन सिंह (कक्षा 10) और आदित्य (कक्षा 10) शामिल हैं। इन छात्रों ने विज्ञान शिक्षक हरिश्चंद्र सिंह के मार्गदर्शन में उपयोगी वैज्ञानिक मॉडल तैयार किए हैं।
समीक्षा वर्मा ने “आर्मी सेफ्टी डॉग” नामक मॉडल तैयार किया है, जो सैनिकों की सुरक्षा में सहायक हो सकता है और सीमावर्ती क्षेत्रों में संभावित खतरों की पहचान करने में मदद करेगा। आर्यन सिंह ने ऑटो फायर सेफ्टी सिस्टम कार का मॉडल बनाया है, जिससे वाहन में अचानक लगने वाली आग से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा। यह प्रणाली आग लगने की स्थिति में तुरंत सक्रिय होकर नुकसान को कम करने में सहायक होगी।

वहीं आदित्य ने लैंडमाइन डिटेक्टर का मॉडल तैयार किया है, जिसकी सहायता से जमीन में छिपे विस्फोटकों या बमों का पता लगाकर संभावित दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सकेगा। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों के ये नवाचार समाज और देश के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं तथा अन्य छात्रों को भी विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे।
