विशेष शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
लखनऊ, सितम्बर 2025। दिव्यांगजनों की शिक्षा और पुनर्वास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर हितधारकों को उन्मुख करने के उद्देश्य से राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन कार्यालय लखनऊ द्वारा तीन दिवसीय इन-सर्विस ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 01 से 03 सितम्बर 2025 तक दृष्टिबाधित छात्रावास, विद्याभवन, निशातगंज, लखनऊ में आयोजित हो रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन प्रो. हिमांशु शेखर झा की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए विशेष शिक्षक और बचपन डे केयर सेंटरों के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
राज्य आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य दिव्यांगजनों को दी जाने वाली सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और संवेदनशील बनाना है। प्रतिभागियों को नई नीतियों, योजनाओं, तकनीकी सहयोग और कौशल उन्नयन से संबंधित जानकारी दी जाएगी। साथ ही, उन्हें दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के प्रमुख प्रावधानों—शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और बाधारहित पहुँच—के बारे में भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आगामी तीन दिनों में विशेषज्ञ वक्ता प्रतिभागियों को तकनीकी और सामाजिक पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे, ताकि दिव्यांगजनों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सेवाएँ और सुविधाएँ सुनिश्चित की जा सकें।
