मिश्रौलिया में टीकाकरण उत्सव अभियान का शुभारंभ, सीएमओ ने दिया जागरूकता का संदेश
बलरामपुर। जिले में बच्चों के संपूर्ण स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए टीकाकरण उत्सव अभियान की शुरुआत आज विकासखंड बलरामपुर के ग्राम मिश्रौलिया में की गई। अभियान का औपचारिक शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने किया।
सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने कहा कि टीकाकरण बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने का सबसे विश्वसनीय और प्रभावी माध्यम है। सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले में एक भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि निर्धारित टीकों को समय पर अवश्य दिलाएँ और अपने आस-पास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में एएनएम प्रियंका श्रीवास्तव, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जावेद अख्तर, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय कुमार शुक्ला, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र, डीएमसी शिखा श्रीवास्तव, विनोद त्रिपाठी, श्याम मिश्र, आरिफ तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

टीकाकरण सत्र के दौरान स्वास्थ्य टीम ने बच्चों को टीके लगने के साथ ही माताओं को टीकाकरण कैलेंडर, बीमारी की रोकथाम और पौषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की। ग्राम मिश्रौलिया में शुभारंभ के साथ ही जनपद में अगले कई दिनों तक विशेष टीकाकरण गतिविधियाँ चलेंगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों और परिवारों को टीकाकरण उत्सव अभियान से जोड़ा जा सके।
