नाथ नगरी में उमड़े पर्यटक, आस्था और श्रद्धा से एक करोड़ के पार पहुंचा आंकड़ा
अयोध्या–काशी की राह पर बरेली, योगी सरकार की नीतियों से विदेशी सैलानी भी हुए आकर्षित
नाथ कॉरिडोर से बदली तस्वीर, 20 प्रतिशत उछाल के साथ उभरता धार्मिक पर्यटन केंद्र बना बरेली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाले दूरदर्शी विजन का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। नाथ नगरी बरेली में आस्था और श्रद्धा की ऐसी बयार बह रही है कि यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या एक करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। देश ही नहीं, विदेशों से भी श्रद्धालु और सैलानी बरेली को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन गंतव्य के रूप में देखने लगे हैं।
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में 81.56 लाख, 2024 में 99.13 लाख और 2025 में 1.00 करोड़ से अधिक पर्यटक बरेली पहुंचे। खास बात यह है कि विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्ष 2023 में जहां 911 विदेशी पर्यटक आए थे, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 1,056 हो गई।
नाथ कॉरिडोर से बदली बरेली की पहचान
योगी सरकार द्वारा अयोध्या, मथुरा और काशी की तरह अन्य धार्मिक स्थलों को पर्यटन से जोड़ने की नीति का लाभ अब बरेली को भी मिल रहा है। स्मार्ट सिटी बरेली में स्थित सात नाथ मंदिरों को जोड़कर ‘नाथ कॉरिडोर’ विकसित किया जा रहा है।कॉरिडोर के पहले चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि दूसरे चरण के कार्य तेज़ी से प्रगति पर हैं। नाथ कॉरिडोर के पूर्ण होने के बाद पर्यटकों की संख्या में और अधिक वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।
ठहराव बढ़ाने पर सरकार का विशेष फोकस
योगी सरकार का जोर केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर नहीं, बल्कि उनके ठहराव की अवधि बढ़ाने पर भी है। इसी क्रम में बरेली में लाइट एंड साउंड शो की योजना पर कार्य किया जा रहा है।साथ ही होम स्टे योजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में आवासीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि ठहराव बढ़ने से स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन और रोजगार के अवसरों को सीधा लाभ मिलेगा।
मौसम के अनुसार घटता-बढ़ता पर्यटन
पर्यटन विभाग के अनुसार जनवरी से मार्च और सितंबर से दिसंबर के बीच पर्यटकों की संख्या सर्वाधिक रहती है।
-
जनवरी 2023 में 6.20 लाख
-
जनवरी 2024 में 7.05 लाख
-
जनवरी 2025 में 7.76 लाख भारतीय पर्यटक बरेली पहुंचे।
वहीं नवंबर और दिसंबर पर्यटन के लिहाज से सर्वाधिक अनुकूल महीने साबित हो रहे हैं। वर्ष 2025 में इन दो महीनों के दौरान 10.56 लाख से अधिक भारतीय पर्यटक जिले में आए।
ऐसे होती है पर्यटकों की गणना
पर्यटन विभाग के उप निदेशक रवींद्र कुमार ने बताया कि जिले में पर्यटकों की गणना होटल बुकिंग, प्रमुख धर्मस्थलों और वीडियोग्राफी सर्वे के माध्यम से की जाती है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर वार्षिक मूल्यांकन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि भविष्य के लिए शुभ संकेत है। नाथ कॉरिडोर, होम स्टे और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से बरेली को अगला बड़ा धार्मिक पर्यटन हब बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
पर्यटक आंकड़े एक नज़र में
-
2023: 81,56,673 भारतीय | 911 विदेशी
-
2024: 99,13,182 भारतीय | 1,120 विदेशी
-
2025: 1,00,27,544 भारतीय | 1,056 विदेशी
