व्यापारियों ने राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए किया शंखनाद, सभी दलों से टिकट में भागीदारी की मांग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के 22वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित सिल्वेट होटल में ‘व्यापारी शंखनाद सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ शंखध्वनि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए संजय गुप्ता ने व्यापारियों को संगठन के 22वें स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आर्थिक ही नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से भी मजबूत होना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राजनीतिक दल चुनाव के समय व्यापारियों का समर्थन लेते हैं, लेकिन सरकार बनने के बाद उनकी समस्याओं और मांगों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिलती।
राजनीतिक रूप से मजबूत होना होगा’
संजय गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव सहित विभिन्न चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में व्यापारियों को विधानसभा, नगर पालिका, नगर परिषद, लोकसभा और अन्य चुनावों में सक्रिय राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से राजनीतिक क्षेत्र में आगे आने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं नेतृत्व करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव महंगा होने के कारण ईमानदार और सामाजिक सरोकार रखने वाले अनेक लोग राजनीति से दूर हो गए हैं। ऐसे में धनबल और बाहुबल का प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे अपनी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाएं और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मजबूत आवाज दर्ज कराएं।
सभी राजनीतिक दलों से टिकट में हिस्सेदारी की मांग
व्यापारी नेता ने सभी राजनीतिक दलों से आगामी चुनावों में व्यापारी समाज को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने और टिकट में हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अब व्यापारी समाज केवल जाति और धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि व्यापार, रोजगार और विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देगा।
संजय गुप्ता ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में व्यापारी मतदाता हैं और उनके परिवारों तथा कर्मचारियों को जोड़ने पर व्यापारी समुदाय का प्रभाव और व्यापक हो जाता है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी समाज अपने आर्थिक हितों और विकास के मुद्दों पर एकजुट होकर मतदान करे तो प्रदेश की राजनीति में उसकी भूमिका निर्णायक हो सकती है।
उन्होंने कहा, “हम जाति और धर्म से ऊपर उठकर व्यापार और विकास की बात करेंगे।”
ई-कॉमर्स नीति बनाने की मांग
सम्मेलन में ई-कॉमर्स कंपनियों के बढ़ते प्रभाव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संजय गुप्ता ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों के कारोबार के कारण पारंपरिक खुदरा व्यापार को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से मांग के बावजूद ई-कॉमर्स को लेकर स्पष्ट नीति नहीं बन पाई है।
उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ई-कॉमर्स नीति लागू कराने के लिए आंदोलन करेगा।
जलकर और लाइसेंस शुल्क का विरोध
व्यापारियों ने बिना जल कनेक्शन के भी जलकर के बिल भेजे जाने तथा नगर निगम की ओर से विभिन्न व्यवसायों पर लगाए जा रहे लाइसेंस शुल्क का विरोध किया। सम्मेलन में इन मुद्दों के समाधान के लिए आंदोलन की रणनीति बनाने की घोषणा की गई। इसके अलावा व्यापारियों ने समाज के सभी वर्गों के लिए चिकित्सा एवं शिक्षा को निशुल्क किए जाने की मांग भी उठाई।
25 व्यापारियों का सम्मान
सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 25 व्यापारियों को प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने सम्मानित किया। इस अवसर पर राजधानी के विभिन्न बाजारों से आए व्यापारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा उन्हें तलवार आदि भेंट कर सम्मानित किया। संजय गुप्ता ने सितंबर माह में राजधानी में एक बड़ी व्यापारी रैली आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रैली में 5,000 से अधिक व्यापारी शामिल होंगे।
बड़ी संख्या में व्यापारी पदाधिकारी रहे मौजूद
सम्मेलन को प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, महामंत्री शशिकांत शर्मा, प्रांतीय मंत्री संदीप सिंह गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह चड्ढा, प्रदेश उपाध्यक्ष आसिफ किदवई, इकबाल हसन, पवन जायसवाल, शेखर कुमार, नगर अध्यक्ष हजिंदर सिंह, नगर महामंत्री मोहित कपूर, राजीव शुक्ला, आशीष गुप्ता, संजय त्रिवेदी, राजन मिश्रा, संजीव जैन, ट्रांस गोमती प्रभारी मनीष पांडे, ट्रांस गोमती चेयरमैन अशोक यादव और ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ व्यापारी नेता कमल अग्रवाल, हिमांशु गुप्ता, मोहम्मद ग्यास, हेमंत कुकरेजा, श्याम सुंदर अग्रवाल, अनिला अग्रवाल, सुनील मौर्य, अंशु श्रीवास्तव, मनोज अग्रवाल, धर्मेंद्र कुमार तिवारी, संतोष गुप्ता, राजू जायसवाल, मोहम्मद आरिफ कुरैशी, अभय अग्रवाल, क्षितिज अवस्थी, दिनेश शर्मा, प्रवीण मिश्रा, अंजलि मौर्य, दिनेश कुमार, अजय प्रताप सिंह, संजय अग्रवाल, निखिल शर्मा, रमेश और संजय जैन समेत राजधानी के विभिन्न प्रमुख बाजारों के अध्यक्ष, महामंत्री और पदाधिकारी मौजूद रहे।
