वाणिज्य बंधु की बैठक में व्यापारियों की समस्याएं उठीं, बिजली लोड, हाउस टैक्स और कन्वर्जन चार्ज पर जताई नाराजगी

Traders' issues were raised at the 'Vanijya Bandhu' meeting; dissatisfaction was expressed regarding electricity load, house tax, and conversion charges.
 
ebebeb
लखनऊ, 7 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने गुरुवार को अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित वाणिज्य बंधु की बैठक में राजधानी के व्यापारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बैठक में बताया कि विद्युत विभाग व्यापारियों की सहमति के बिना उनके बिजली कनेक्शनों का लोड बढ़ा रहा है, जिससे बिजली बिलों में अनावश्यक वृद्धि हो रही है। उन्होंने इस प्रक्रिया पर रोक लगाने और प्रभावित व्यापारियों को राहत देने की मांग की।

उन्होंने नगर निगम द्वारा जारी किए जा रहे कमर्शियल हाउस टैक्स के बिलों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि कई व्यापारी नियमित रूप से टैक्स जमा करने के बावजूद पुराने वर्षों की बढ़ी हुई दरों को जोड़कर भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे व्यापारियों का आर्थिक उत्पीड़न हो रहा है।

dbdb


संजय गुप्ता ने आवास विकास की नई उपविधि में निर्धारित कन्वर्जन चार्ज पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सर्किल रेट का 25 प्रतिशत कन्वर्जन शुल्क अत्यधिक है, जिसके कारण व्यापारी इस योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने शासन को प्रस्ताव भेजकर इस दर को कम कराने की मांग की।


प्रदेश उपाध्यक्ष इकबाल हसन ने अयोध्या रोड स्थित भूतनाथ मेट्रो स्टेशन से लेखराज मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो निर्माण कार्य के बाद जल निकासी की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान नाले बंद हो गए हैं और सड़क ऊंची होने से फुटपाथ नीचे चले गए हैं। बारिश के समय लक्ष्मणपुरी मोड़ पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

snns


नगर उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र उपाध्याय ने रहीमनगर क्षेत्र में खुले नाले के कारण राहगीरों के गिरने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए नाले को पत्थर की स्लैब से ढकने की मांग की।


बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश उपाध्यक्ष इकबाल हसन, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, नगर महामंत्री राजीव शुक्ला, प्रिंस मार्केट अध्यक्ष हलीम सहित संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Tags