कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी पर भड़के व्यापारी, सड़क पर उतरकर किया विरोध प्रदर्शन

Traders Outraged Over Hike in Commercial Cylinder Prices; Take to the Streets to Protest
 
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी पर भड़के व्यापारी, सड़क पर उतरकर किया विरोध प्रदर्शन

संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले राजाजीपुरम के व्यापारियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों और आवास विकास की कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने सरकार की नीतियों को व्यापारी विरोधी बताते हुए नाराजगी जाहिर की और समस्याओं के जल्द समाधान की मांग उठाई।

व्यापारियों के अनुसार 2 मई 2026 को राजाजीपुरम क्षेत्र के कई कारोबारी संगठनों ने फोन के माध्यम से अपनी समस्याओं की जानकारी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडे को दी। इसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से बातचीत की।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 993 रुपये तक पहुंच जाने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मिठाई, मैरिज लॉन, कैटरिंग और टेंट व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा। उनका कहना था कि यदि व्यापारी कीमतें बढ़ाते हैं तो इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा और व्यापार भी प्रभावित होगा।

व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि लखनऊ आवास विकास परिषद द्वारा पुराने मकानों और दुकानों के नक्शे पास कराने तथा कमर्शियल रजिस्ट्री कराने के नाम पर नोटिस भेजे जा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि ऐसा न करने पर सीलिंग की चेतावनी दी जा रही है, जिससे व्यापारियों में भय और असंतोष का माहौल है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अंजनी कुमार पांडे ने जिला प्रशासन और आवास विकास अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। अधिकारियों की व्यस्तता के चलते सोमवार को बैठक का समय तय किया गया, जिसके बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। संगठन के पदाधिकारी सोमवार को एडीएम आपूर्ति और आवास विकास के एमडी से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं को उठाएंगे।

इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण मणि त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी अनुपम भदौरिया, जिला उपाध्यक्ष नितिन सचान, राजाजीपुरम अध्यक्ष रवि दुबे सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। प्रवीण मणि त्रिपाठी ने कहा कि संगठन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से लगातार संवाद करेगा और आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।इसी बीच राजाजीपुरम इकाई अध्यक्ष रवि दुबे की माता के निधन की सूचना मिलने पर व्यापारियों ने उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को सांत्वना दी।

Tags