लखनऊ के प्रमुख बाजारों में जाम और अतिक्रमण से व्यापारी परेशान, व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन

Traders in Lucknow's major markets troubled by traffic jams and encroachment; traders' association submits memorandum.
 
iopiokopio

ब्यूरो चीफ आर. एल. पाण्डेय

लखनऊ। शहर के प्रमुख बाजारों में जाम, अतिक्रमण, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर लखनऊ व्यापार मंडल ने संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट को ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल ने बाजारों में नियमित यातायात पुलिस की तैनाती, अतिक्रमण पर स्थायी नियंत्रण और थाना स्तर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ मासिक समन्वय बैठक शुरू किए जाने की मांग की।

व्यापार मंडल की बैठक बबलू कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष शहर के प्रमुख बाजारों की समस्याएं रखते हुए उनके व्यावहारिक समाधान के सुझाव दिए।

लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि व्यापारी समाज शहर की कानून-व्यवस्था से संतुष्ट है, लेकिन यातायात और अतिक्रमण की समस्या के कारण पुराने बाजारों में व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रत्येक थाना क्षेत्र के बाजार अध्यक्षों और महामंत्रियों के साथ पुलिस की मासिक समन्वय बैठक पुनः शुरू किए जाने की मांग की।

नाका बाजार में अतिक्रमण और यातायात की समस्या

लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने कहा कि नाका बाजार में पुल के नीचे और सर्विस लेन में अतिक्रमण के कारण दिनभर यातायात प्रभावित रहता है। अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाए जाने के बाद कुछ समय में उसी स्थान पर दोबारा ठेले लग जाते हैं। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के बाद उसकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था और नियमित पुलिस निगरानी की मांग की। विजय नगर पुलिया के आसपास भी पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई।

वरिष्ठ महामंत्री जितेंद्र सिंह चौहान ने अमीनाबाद बाजार की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि सड़क और फुटपाथ पर बढ़ते अतिक्रमण से व्यापारियों और ग्राहकों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पूर्व में बनाए गए ट्रैफिक पॉइंट को दोबारा सक्रिय कर वहां यातायात पुलिस की तैनाती की मांग की। साथ ही अमीनाबाद में पूर्व की पीली पट्टी व्यवस्था लागू कर पटरी दुकानदारों के लिए निर्धारित सीमा तय करने का सुझाव दिया, ताकि व्यापारी, ग्राहक और पटरी दुकानदार व्यवस्थित तरीके से अपना काम कर सकें।

चौक और सराफा क्षेत्र में ई-रिक्शा से जाम की समस्या

वरिष्ठ महामंत्री अनुराग मिश्रा ने कहा कि चौक और सराफा क्षेत्र व्यापार की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी संवेदनशील हैं। चौराहों और आसपास के इलाकों में अतिक्रमण तथा चरक चौराहे पर ई-रिक्शा के जमावड़े से यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने ई-रिक्शा के लिए चौराहे से बाहर निर्धारित स्टैंड बनाने तथा चौक और सराफा क्षेत्र में विशेष यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष सुहैल हैदर अल्वी ने ट्रांसगोमती के विभिन्न बाजारों में फुटपाथ पर अतिक्रमण, ई-रिक्शा और अनियंत्रित पार्किंग की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि स्थायी निगरानी और नियमित प्रवर्तन की व्यवस्था होनी चाहिए। स्थानीय बाजार प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठक होने से समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सकता है।

वैकल्पिक पार्किंग और लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था की मांग

देवेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष ट्रांसगोमती, ने कहा कि बाजारों में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण व्यापारी और ग्राहक अपने वाहन दुकानों के आसपास खड़े करने को मजबूर होते हैं। उन्होंने कहा कि वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के साथ वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। बाजारों में लोडिंग-अनलोडिंग के लिए निर्धारित स्थान बनाए जाने से मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

बैठक में मीडिया महामंत्री सुमित गुप्ता, महामंत्री सोमेश मिश्रा, सुशील तिवारी, मनीष गुप्ता, प्रियांक गुप्ता, मंजीत सिंह दुआ, कुश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराया।

प्रत्येक थाना क्षेत्र में नोडल अधिकारी की मांग

व्यापार मंडल ने प्रत्येक थाना क्षेत्र में एक नोडल पुलिस अधिकारी नामित करने की मांग की, जो क्षेत्र के बाजार अध्यक्षों और महामंत्रियों के साथ नियमित संपर्क में रहे। इसके अलावा किसी भी बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले संबंधित व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप संयुक्त कार्ययोजना बनाने का सुझाव दिया गया।

व्यापार मंडल ने कहा कि पुलिस प्रशासन और व्यापार मंडल के बीच नियमित संवाद से यातायात, अतिक्रमण, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकाला जा सकता है।इस अवसर पर अमरनाथ मिश्र, पवन मनोचा, जितेंद्र सिंह चौहान, अनुराग मिश्रा, देवेंद्र गुप्ता, सुहैल हैदर अल्वी, मनीष गुप्ता, प्रियंका गुप्ता, सोमेश मिश्रा, सुशील तिवारी, सोनू पंडित, शशि शुक्ला, कुश मिश्रा, आशीष गुप्ता, मनोज गुप्ता, रविंद्र गुप्ता सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।उक्त जानकारी लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने दी।

Tags