16 मई को होगा आईसीटी लैब उपकरणों के रखरखाव व सुचारू संचालन का प्रशिक्षण
उपकरणों के बेहतर रखरखाव व बहुमुखी प्रदर्शन प्रत्येक लैब की प्राथमिक आवश्यकता — डॉ. दिनेश कुमार
Tue, 12 May 2026
लखनऊ। शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. महेन्द्र देव द्वारा लखनऊ मंडल के छह जिलों — लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली एवं उन्नाव — के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्थापित आईसीटी लैबों के उपकरणों के बेहतर रखरखाव एवं सुचारू संचालन के लिए संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को प्रशिक्षण प्रदान किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि यह एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी 16 मई 2026 को राजकीय इण्टर कॉलेज निशातगंज में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण आईसीटी लैब सेवा प्रदाता द्वारा दिया जाएगा।
प्रशिक्षण दो सत्रों में आयोजित होगा—
- प्रथम सत्र: प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक
- द्वितीय सत्र: अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक
- लखनऊ मंडल के कुल 129 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य इस प्रशिक्षण में प्रतिभाग करेंगे। जनपदवार
प्रतिभागियों की संख्या इस प्रकार है—
लखनऊ — 29 प्रधानाचार्य
सीतापुर — 28 प्रधानाचार्य
हरदोई — 20 प्रधानाचार्य
लखीमपुर खीरी — 22 प्रधानाचार्य
रायबरेली — 21 प्रधानाचार्य
उन्नाव — 9 प्रधानाचार्य
संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जनपद के संबंधित विद्यालय प्रधानाचार्यों की प्रशिक्षण स्थल पर समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।
डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि शासन एवं विभाग द्वारा राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्थापित आईसीटी लैबों के सुगम संचालन की दृष्टि से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
