बलरामपुर में फाइलेरिया उन्मूलन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NVBDCP) 2025 के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर नाइट ब्लड सर्वे (NBS) कराए जाने हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ (Lab Technician) एवं वेक्टर बॉर्न डिजीज नियंत्रण टीम के सदस्यों को फाइलेरिया सर्वेक्षण की प्रक्रिया, नाइट ब्लड सर्वे के दिशा-निर्देश, सैंपल संग्रह, रिपोर्टिंग और मॉनिटरिंग के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि वे फील्ड सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित समय पर, पूरी पारदर्शिता और सतर्कता के साथ पूरा करें, ताकि बलरामपुर को जल्द ही फाइलेरिया मुक्त जिला घोषित किया जा सके।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी, वेक्टर बॉर्न नियंत्रण इकाई के अधिकारी, लैब तकनीशियन और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में जनस्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने और फाइलेरिया जैसी घातक बीमारी के पूर्ण उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
