चुनौतियों को अवसर में बदलना ही व्यापार में सफलता की कुंजी

आईआईए लखनऊ चैप्टर का एक्सपर्ट टॉक्स सेशन-5: उद्यमिता में रिसर्च और इनोवेशन पर बल
 
आईआईए लखनऊ चैप्टर का एक्सपर्ट टॉक्स सेशन-5: उद्यमिता में रिसर्च और इनोवेशन पर बल

लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय)।

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) लखनऊ चैप्टर द्वारा गुरुवार को विभूति खंड स्थित आईआईए भवन में एक्सपर्ट टॉक्स सेशन-5 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विषय था – “व्यापार से जुड़े डर पर जीत: चुनौतियों को अवसर में बदलना”। सत्र में 30 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया और अपने व्यावसायिक अनुभव व चुनौतियों पर चर्चा की।
इस कार्यक्रम का संचालन आईआईए यूथ विंग द्वारा किया गया, जिसकी अगुवाई वाइस चेयरमैन अदनान दानिश ने की।

मुख्य वक्ताओं के विचार

सत्र में बतौर मुख्य वक्ता आईआईए एडवाइजर (एक्सपोर्ट प्रमोशन) एवं एएमए हर्बल के को-फाउंडर और सीईओ यावर अली शाह तथा शिखर गुप्ता उपस्थित रहे।
यावर अली शाह ने कहा कि हमारे आसपास मौजूद समस्याएं ही नए व्यवसाय की नींव बन सकती हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि हर चुनौती एक अवसर है। अगर आप किसी समस्या का समाधान खोज लेते हैं तो आप केवल इनोवेटर ही नहीं, बल्कि सफल उद्यमी भी बन जाते हैं।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि रिसर्च किसी भी स्टार्टअप की सफलता और उसके टिके रहने की संभावना को कई गुना बढ़ा देती है।

चुनौतियां और समाधान

शाह ने बताया कि किसी भी नए व्यवसाय की शुरुआत में फंडिंग, मशीनरी और तकनीकी सहयोग जैसी बाधाएं आती हैं। हालांकि, वर्तमान समय में सरकार इन क्षेत्रों में उद्यमियों की मदद कर रही है। ऐसे में सबसे ज़रूरी है गैप आइडेंटिफिकेशन यानी समाज की अनसुलझी समस्याओं को समझना।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा  एक गर्भवती महिला को डॉक्टर द्वारा सुझाया गया विशेष आहार बाजार में उपलब्ध नहीं था। तब उसने घर पर वह आहार तैयार किया और बाद में उसे एक प्रॉडक्ट के रूप में बेचने लगी।
हेयर डाई करने वाले कई लोगों को एलर्जी की समस्या होती है। यदि ऐसी हेयर डाई बनाई जाए जिससे बालों का रंग भी हो और एलर्जी भी न हो, तो यह बड़ा व्यावसायिक अवसर है।
युवाओं के लिए सुझाव
शाह ने नए विचारों पर काम शुरू करने से पहले छोटे स्तर पर सर्वे करने की सलाह दी। भले ही सर्वे का सैम्पल साइज केवल 50 लोगों का हो, लेकिन यह यह तय करने में मदद करता है कि आइडिया कितना व्यवहारिक है।
उन्होंने कहा कि जब आप अपने विचार और व्यवसाय के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर लेंगे, तो डर अपने आप खत्म हो जाएगा।”

आभार

सत्र के अंत में अदनान दानिश ने कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी टीम और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Tags