दिल्ली में सैयद शाहनवाज अहमद कादरी की दो पुस्तकों का होगा लोकार्पण, स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के परिजन होंगे सम्मानित

‘बाग़ी हिंदुस्तान और 1857’ तथा ‘लहू बोलता भी है’ का 28 नवंबर को होगा विमोचन, कई प्रतिष्ठित साहित्यकार और बुद्धिजीवी रहेंगे मौजूद

 
serte

नई दिल्ली। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, क्रांतिकारियों के बलिदान और आजादी की लड़ाई के अनछुए पहलुओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजधानी दिल्ली में एक विशेष पुस्तक लोकार्पण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। 28 नवंबर 2026 को होने वाले इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध लेखक सैयद शाहनवाज अहमद कादरी की दो पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। इनमें ‘बाग़ी हिंदुस्तान और 1857’ तथा ‘लहू बोलता भी है’ (उर्दू, द्वितीय संस्करण) शामिल हैं।

इस साहित्यिक एवं ऐतिहासिक आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जनाब रघु ठाकुर, जनाब संजय सिंह, जनाब गौहर रज़ा, जनाब अशोक कुमार पांडेय, जनाब समीर अहमद सिद्दीकी, जनाब सुरेश खैरनार, टी. गोपाल सिंह, प्रोफेसर राजकुमार जैन और जे.एस. कैलासिया को आमंत्रित किया गया है।

शहीदों के परिजनों का होगा विशेष सम्मान

समारोह का प्रमुख आकर्षण स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और उनके परिवारों के वंशजों को सम्मानित करना होगा। आयोजन समिति के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उन परिवारों के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देना है, जिन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सम्मानित होने वाली प्रमुख हस्तियों में शहीद क़ाज़ी ज़ुल्फ़िक़ार अली के परिजन जनाब क़ाज़ी अनवार अहमद, शहीद नवाब अली बहादुर (नवाब बांदा) के परिजन नवाब शादाब अली बहादुर तथा शहीद शेख़ रज्जब अली के परिजन जनाब शेख़ अबुल क़ैस शामिल हैं।

इसके अलावा काकोरी कांड के क्रांतिकारी शहीद अशफ़ाक़ उल्लाह ख़ान के परिजन शादाबुल्लाह ख़ान और निज़ामुद्दीन क़ाज़ी के परिजन जनाब नुरुद्दीन क़ाज़ी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाना प्रस्तावित है।

इतिहास के अनछुए पहलुओं को सामने लाएंगी पुस्तकें

लेखक सैयद शाहनवाज अहमद कादरी की ये दोनों पुस्तकें भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, 1857 की क्रांति और क्रांतिकारियों के संघर्ष एवं बलिदान से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को सामने लाने का प्रयास करती हैं। पुस्तकों के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के उन पहलुओं और ऐतिहासिक योगदानों पर प्रकाश डालने की कोशिश की गई है, जिन्हें व्यापक स्तर पर चर्चा में कम स्थान मिला है।

आयोजकों का मानना है कि पुस्तक लोकार्पण के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान नई पीढ़ी को देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और क्रांतिकारियों के त्याग से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

दिल्ली में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम साहित्य, इतिहास और राष्ट्रीय स्मृति को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास है। इससे इतिहासकारों, लेखकों, शोधार्थियों और आम नागरिकों को स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को समझने तथा शहीदों के योगदान को स्मरण करने का अवसर मिलेगा।

Tags