राप्ती नदी में दो लाख मत्स्य बीज का संचयन, मत्स्य सम्पदा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
Stocking of two lakh fish seeds in Rapti River, an important initiative towards conservation of fish resources
Fri, 7 Nov 2025
बलरामपुर। प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अन्तर्गत राष्ट्रीय मात्स्यिकीय विकास बोर्ड (एन.एफ.डी.बी) हैदराबाद के सहयोग से जनपद बलरामपुर की राप्ती नदी में दो लाख मत्स्य बीज का संचयन किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक सदर पल्टूराम एवं नगर पालिका बलरामपुर के चेयरमैन की उपस्थिति रही।

सहायक निदेशक मत्स्य दीपान्सू ने बताया कि मत्स्य सम्पदा को सुरक्षित रखने तथा जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को संरक्षित करने के उद्देश्य से एन.एफ.डी.बी. हैदराबाद द्वारा रिवर रैंचिंग कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस पहल से न केवल नदियों में मछलियों की प्रजातियों का संरक्षण होता है, बल्कि जल की गुणवत्ता में भी सुधार प्राप्त होता है।
उन्होंने बताया कि प्रदूषण, मानवीय हस्तक्षेप और विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित गतिविधियों के कारण नदियों में मछलियों की संख्या तेजी से कम होती जा रही है, जिससे पारिस्थितिक संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसी स्थिति से निपटने के लिए भारत सरकार द्वारा रिवर रैंचिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इस योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम की हैचरियों से तैयार किये गये मत्स्य बीज को गंगा, यमुना, राप्ती, घाघरा, गंडक, बेतवा आदि प्रमुख नदियों में प्रवाहित किया जा रहा है, जिससे प्रजनक मछलियों की संख्या बढ़ सके।
सहायक निदेशक मत्स्य बलरामपुर ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक पल्टूराम एवं विशिष्ट अतिथि धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में राप्ती नदी में मुख्य अतिथि द्वारा दो लाख मत्स्य बीज का संचयन कराया गया।
