ज़मीन घोटाले में दो प्रॉपर्टी डीलरों पर मुकदमा दर्ज

कुर्सी थाना क्षेत्र के अनवारी गांव का मामला, उच्चस्तरीय जांच के बाद हुई कार्रवाई
 
ज़मीन घोटाले में दो प्रॉपर्टी डीलरों पर मुकदमा दर्ज
बाराबंकी। जिले में ज़मीन खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कुर्सी थाना क्षेत्र के अनवारी गांव निवासी इंद्रपाल और उसके सहयोगी सिराज अहमद पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई उच्चस्तरीय जांच के बाद संभव हो पाई।
जानकारी के मुताबिक, अनवारी गांव की रहने वाली फौज़िया सिद्दीकी ने लगभग दस साल पहले अपनी जमा पूंजी से प्रॉपर्टी डीलर इंद्रपाल और सिराज अहमद से जमीन खरीदी थी। उस समय पूरी रकम का भुगतान कर रजिस्ट्री भी करा ली गई थी और जमीन का कब्जा भी मिल गया था। लेकिन हाल ही में जब फौज़िया ने उस ज़मीन पर मकान निर्माण शुरू किया तो उन्हें पता चला कि वही ज़मीन किसी अन्य व्यक्ति को भी बेची जा चुकी है।
पीड़िता ने कई बार इंद्रपाल से बात की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज बनाकर धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जांच बैठाई गई और दोषी पाए जाने पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
फौज़िया ने पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इस कार्रवाई से भू-माफियाओं के हौसले टूटेंगे और आम लोग ठगी से बच सकेंगे।

Tags